
हरियाणा (द स्टैलर न्यूज़)। दिल्ली-अलवर रोड पर थाना आकेड़ा क्षेत्र में आज सुबह करीब 9:30 बजे गांव मालब के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें बोलेरो गाड़ी और सवारियों से भरे टेंपो की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में डेढ़ साल की बच्ची सहित 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को संभालते हुए कार्रवाई में जुट गई।

बोलेरो गाड़ी बड़कली की तरफ से आ रही थी, जबकि टेंपो नंबर नूंह की तरफ जा रहा था। गांव मालब के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। हादसे में रिबा पुत्री इंसाफ अली निवासी बाजड़का, उम्र करीब डेढ़ वर्ष और मुबारक पुत्र ईशा निवासी मुल्थान, थाना नगीना की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिनके शव राजकीय मेडिकल कॉलेज नल्हड़ में रखे गए हैं।
वहीं शमसुद्दीन पुत्र बाबू खां निवासी पिनगवां, तस्लीम पुत्र अब्दुल रहीम निवासी दिहाना और नसरीन पत्नी इंसाफ अली निवासी बाजड़का घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज नल्हड़ ले जाया गया है। पुलिस ने दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच कर रही है।












