
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा डेरा ब्यास के प्रमुख बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों के विरुद्ध अमर्यादित और अपमानजनक टिप्पणी के विरोध में भाजपा जिलाध्यक्ष निपुण शर्मा ने कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होने कहा कि ऐसी टिप्पणियाँ अत्यंत निंदनीय, दुर्भाग्यपूर्ण है।

मुख्यमंत्री पद एक संवैधानिक जिम्मेदारी है, न कि व्यक्तिगत कुंठा या राजनीतिक ध्यान भटकाने का मंच। संत-महापुरुषों और आध्यात्मिक संस्थाओं के प्रति इस प्रकार की भाषा न केवल पंजाब की गौरवशाली सांस्कृतिक परंपरा के खिलाफ है, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं को ठेस पहुँचाने वाली भी है।
डेरा ब्यास एक आध्यात्मिक संस्था है, जिसने समाज सेवा, मानवता, नैतिक मूल्यों और सामाजिक सौहार्द के क्षेत्र में सदैव सकारात्मक भूमिका निभाई है। मुख्यमंत्री द्वारा ऐसी संस्था के प्रमुख के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग करना उनकी असहिष्णुता और राजनीतिक विफलता को दर्शाता है।
आम आदमी पार्टी की सरकार अपने वादों में पूरी तरह असफल रही है। कानून-व्यवस्था, नशा, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे मूल मुद्दों से जनता का ध्यान हटाने के लिए अब जानबूझकर धार्मिक और आध्यात्मिक संस्थाओं को निशाना बनाया जा रहा है।
भारतीय जनता पार्टी इस बयान की कड़े शब्दों में निंदा करती है और मुख्यमंत्री से तत्काल सार्वजनिक रूप से माफी की माँग करती है। पंजाब की जनता इस प्रकार की ओछी राजनीति को समझती है और समय आने पर इसका उचित जवाब देगी।












