
राजस्थान (द स्टैलर न्यूज़)। डेगाना शहर के सराफा बाजार से एक हैरानीजनक मामला प्रकाश में आया है। यहां एक कबूतर ने ज्वेलरी शॉप से करीब 1 लाख रुपये कीमत की सोने की चेन चोंच में दबाकर उड़ गया। घटना के बाद कुछ देर के लिए बाजार में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि बाद में बाजार की छत से चेन सुरक्षित बरामद कर ली गई। जानकारी के अनुसार, डेगाना के सराफा बाजार स्थित एक ज्वेलरी दुकान में कारीगर सोने के आभूषण तैयार कर रहे थे। इसी दौरान अचानक एक कबूतर दुकान के भीतर घुस आया। कुछ ही पलों में कबूतर ने तैयार हो रही सोने की चेन को अपनी चोंच में दबाया और उड़ान भर ली।

कबूतर दुकान से उड़कर बाजार की छत पर जा बैठा, जहां से वह काफी देर तक दिखाई देता रहा। घटना को देखकर दुकानदार और आसपास के व्यापारी कुछ समय के लिए स्तब्ध रह गए। सोने जैसी कीमती वस्तु को इस तरह उड़ते देख पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने कबूतर पर नजर बनाए रखी और चेन को सुरक्षित वापस लेने का प्रयास शुरू किया। काफी देर तक चली मशक्कत के बाद कबूतर वहां से उड़ गया और सोने की चेन नीचे गिर गई, जिसे व्यापारियों ने सुरक्षित वापस ले लिया। चेन वापस मिलने के बाद व्यापारियों ने राहत की सांस ली।












