
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज) नीरज धीमान: पंजाब सरकार ने राज्य की किशोरियों के स्वास्थ्य को लेकर एक बड़ा कदम उठाया है। पंजाब स्टेट मिड डे मील सोसायटी की ओर से जारी एक नए सरकारी आदेश के अनुसार, राज्य के सभी स्कूलों में 14 वर्ष की आयु की छात्राओं के लिए HPV (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण मुहिम शुरू की जा रही है । यह पहल सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बेटियों को सुरक्षित करने के उद्देश्य से शुरू की गई है ।

शिक्षा विभाग ने इस संबंध में सभी जिला शिक्षा अधिकारियों (डीईओ) को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं । इस मुहिम के तहत सरकारी स्कूलों के साथ-साथ सहायता प्राप्त (एडिड) और निजी स्कूलों की 14 वर्षीय छात्राओं को भी कवर किया जाएगा ।
सफलता के लिए विभाग ने बनाए 6 मुख्य बिंदु
मुहिम को सुचारू रूप से लागू करने के लिए शिक्षा विभाग ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के साथ मिलकर एक खाका तैयार किया है:
लाभार्थियों की पहचान: जिले के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने यहाँ पढ़ रही 14 साल की लड़कियों की सूची तैयार कर उसकी पुष्टि करें ।
स्वास्थ्य विभाग के साथ तालमेल: तैयार की गई छात्राओं की सूची जिला टीकाकरण अधिकारी के साथ साझा की जाएगी, ताकि टीकाकरण सत्रों की योजना बनाई जा सके ।
जागरूकता अभियान: स्कूलों में मॉर्निंग असेंबली और पेरेंट्स-टीचर मीटिंग (PTM) के दौरान विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे, ताकि अभिभावकों को इस टीके के महत्व के बारे में बताया जा सके ।
माता-पिता की सहमति: स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा टीका लगाने से पहले संबंधित छात्रा के माता-पिता से लिखित सहमति फॉर्म लेना अनिवार्य होगा ।
नोडल शिक्षकों की नियुक्ति: समन्वय बनाए रखने के लिए हर स्कूल एक नोडल शिक्षक नियुक्त करेगा, जो स्वास्थ्य विभाग की टीमों के साथ संपर्क में रहेगा ।
निगरानी: जिला शिक्षा अधिकारियों को स्वयं इस पूरी मुहिम की निगरानी करने और किसी भी समस्या के समाधान के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ सहयोग करने के आदेश दिए गए हैं ।
मिड डे मील सोसाइटी के जनरल मैनेजर ने स्पष्ट किया है कि इस अभियान की सफलता के लिए सभी स्कूलों को इन दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करना होगा ।












