
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। अमेरिकी राजधानी वॉशिंगटन डीसी के होटल में गोली चलाने वाले संदिग्ध की पहली तस्वीर सामने आई है। वाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स एसोसिएशन के इस डिनर में राष्ट्रपति ट्रंप और फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप भी शामिल हुए थे। फायरिंग के बाद सीक्रेट सर्विस एजेंट्स ने दोनों को सुरक्षित निकाला। सुरक्षाकर्मियों ने गोली चलाने वाले संदिग्ध को हिरासत में लिया है। संदिग्ध की एक तस्वीर सामने आई है, जिसमें हथियारबंद सुरक्षाकर्मी जमीन पर पड़े व्यक्ति के ऊपर खड़े दिखाई दे रहे हैं।

तस्वीर में संदिग्ध शूटर बिना शर्ट के है और शरीर का निचला हिस्सा चादर से ढका हुआ है। अधिकारियों के अनुसार, यह घटना तब हुई जब एक शॉटगन से लैस एक शख्स ने कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा को तोड़ने की कोशिश की। गोली की आवाज के बाद डिनर आए लोगों में अफरातफरी मच गई। लोग चिल्लाने लगे, “नीचे हो जाओ, नीचे हो जाओ।” उस समय अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप और फर्स्ट लेडी मंच पर ही थे, जिन्हें तुरंत सीक्रेस सर्विस एजेंट ने स्टेज से दूर किया।
मंच पर ही बैठे उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को भी एजेंट तेजी से लेकर बाहर निकले। वॉशिंगटन डीसी की मेयर म्यूरियल बाउजर के अनुसार, वॉइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के चेकपॉइंट पर हमला करने वाले संदिग्ध बंदूकधारी का इलाज एक स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। मेट्रोपॉलिटन पुलिस विभाग के प्रमुख जेफरी डब्ल्यू कैरोल ने बताया कि संदिग्ध को गोली नहीं लगी है, लेकिन उसकी जांच की जा रही है। सीक्रेट सर्विस का एक एजेंट भी घायल हुआ है और उसका इलाज भी स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। संदिग्ध की पहचान 31 वर्षीय कोल थॉमस एलन के रूप में हुई है, जो कैलिफोर्निया का रहने वाला है। न्यूयॉर्क पोस्ट ने बताया है कि वह एक शिक्षक है।
अधिकारियों का कहना है कि शूटर अकेला ही था और उनके पास यह मानने का कोई कारण नहीं है कि घटना में कोई और भी शामिल था। शूटर के बारे में माना जा रहा है कि होटल में मेहमान के रूप में ठहरा था, जहां शनिवार को यह कार्यक्रम हुआ। मेट्रोपॉलिटन पुलिस विभाग के अंतरिम प्रमुख जेफरी कैरोल ने कहा, ‘शुरुआती जानकारी के अनुसार, हमारा मानना है कि वह यहां होटल में एक मेहमान था। हमने होटल में एक कमरा सुरक्षित कर लिया है और एक बार फिर हम यह पता लगाने के लिए उचित प्रक्रियाओं का पालन करेंगे कि उस कमरे के अंदर क्या था।’











