
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर शनिवार देर रात एक बड़ा विमान हादसा टल गया। ज्यूरिख जाने वाली स्विस इंटरनेशनल एयर लाइन्स की फ्लाइट के इंजन में टेक-ऑफ के दौरान अचानक आग लग गई। इस घटना के बाद विमान के अंदर और रनवे पर अफरा-तफरी मच गई। आपातकालीन निकासी के दौरान 6 यात्री घायल हो गए हैं। विमान अपने निर्धारित समय पर उड़ान भरने के लिए रनवे नंबर 28 पर दौड़ रहा था। इसी दौरान आवाज आई और आग की लपटें निकलने लगीं। पायलट ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए 104 नोट्स (करीब 192 किमी/घंटा) की रफ्तार पर ही ‘रिजेक्टेड टेक-ऑफ’ (आरजीओ) का फैसला लिया और इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए।

विमान रुकते ही एयरपोर्ट के फायर टेंडर मौके पर पहुंच गए और आग पर काबू पाया गया। विमान में कुल 232 यात्री और क्रू मेंबर्स सवार थे। प्रोटोकॉल के तहत यात्रियों को इमरजेंसी स्लाइड्स के जरिए विमान से बाहर निकाला गया। स्लाइड्स से तेजी से उतरने के दौरान संतुलन बिगड़ने से 6 यात्री मामूली रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत एयरपोर्ट के मेडिकल सेंटर और बाद में पास के निजी अस्पताल (मेदांता) में प्राथमिक उपचार के लिए ले जाया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह हादसा ‘इंजन फेलियर’ या ‘बर्ड हिट’ के कारण हो सकता है, लेकिन आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय ने इस घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं। विमान को रनवे से हटाकर आइसोलेशन बे में ले जाया गया है, जहाँ तकनीकी टीम इंजन की जांच कर रही है।
इस घटना के कारण रनवे 28 को कुछ घंटों के लिए बंद करना पड़ा, जिससे दिल्ली आने-जाने वाली कई अन्य अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में देरी हुई। स्विस एयर के प्रवक्ता ने बयान जारी कर कहा,“यात्रियों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। तकनीकी खराबी के कारण टेक-ऑफ रद्द किया गया। यात्रियों के लिए वैकल्पिक उड़ान और होटल में ठहरने की व्यवस्था की जा रही है।”दिल्ली एयरपोर्ट प्रशासन ने पुष्टि की है कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है और अन्य रनवे से परिचालन सामान्य रूप से चल रहा है।












