
उत्तराखंड (द स्टैलर न्यूज़)। लालकुआं कोतवाली क्षेत्र के टांडा वन रेंज क्षेत्र में हाथी के हमले से दो लोगों की मौत हो गई है। वन विभाग और पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी है। एक मृतक की पहचान हो चुकी है, जबकि दूसरे की पहचान के प्रयास जारी हैं। ताजा मामला तराई केंद्रीय वन प्रभाग के अंतर्गत टांडा रेंज स्थित शाह पठानी खत्ता क्षेत्र का है। यहां पर जंगली हाथी के हमले से दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों व्यक्ति इलाके में मौजूद थे, तभी अचानक एक जंगली हाथी ने उनपर हमला कर दिया।

हाथी ने दोनों को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। मृतकों में एक की पहचान बांधो प्रजापति, उम्र लगभग 75 वर्ष, निवासी हुंकारखाप, जबड़ा, जिला चतरा, झारखंड के रूप में हुई है। दूसरे मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है, जिसके लिए पुलिस द्वारा प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि घटना के कारणों की गहन जांच की जा रही है।












