
सिरसा (द स्टैलर न्यूज़)। सिरसा के रोड़ी क्षेत्र में स्थित एक इंटरलॉकिंग टाइल्स फैक्ट्री में हत्या का मामला प्रकाश में आया है। जहां साथ बैठकर शराब पीने वाले दो दोस्तों के बीच मामूली बात पर शुरू हुआ झगड़ा इतना बढ़ा कि एक ने दूसरे के सिर पर ईंट मारकर उसकी जान ले ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना सुरतिया इंटरलॉक फैक्ट्री की है। यहाँ उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले के मम्मापुर गांव का निवासी देवेंद्र सिंह काफी समय से काम कर रहा था। वह फैक्ट्री परिसर के कमरे में अपने साथी रवि सिंह के साथ रहता था। बुधवार रात करीब 10:30 से 11:00 बजे के बीच दोनों ने साथ बैठकर शराब पी। इसी दौरान उनके बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।

विवाद बढ़ने पर आरोपी रवि ने आपा खो दिया और पास ही पड़ी इंटरलॉकिंग टाइल्स की ईंट उठाकर देवेंद्र के सिर पर दे मारी। वार इतना जबरदस्त था कि देवेंद्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी रवि अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। वीरवार सुबह जब फैक्ट्री के अन्य कर्मचारी काम पर पहुँचे, तब उन्हें कमरे में देवेंद्र का लहुलुहान शव मिला। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अनिल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से उंगलियों के निशान और अन्य साक्ष्य एकत्र किए हैं।












