
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। नगर निगम की सख्ती और लाख कोशिशों के विपरीत कुछ लोग ऐसे हैं जो नियमों को ठेंगा दिखाकर काम करवाने या करने से बाज़ नहीं आ रहे हैं। ताजा मामला विल्डिंग ब्रांच से जुड़ा हुआ सामने आया है, जिसके तहत किसी व्यक्ति द्वारा नक्शा पास करवाने के बाद जो निर्माण करवाया जा रहा है उसे देखकर कोई भी कयास लगा सकता है कि कार्य नियमों के विपरीत हो रहा है। हालांकि इस मामले के ध्यान में आते ही ब्रांच के अधिकारियों द्वारा मौके पर जाकर काम को रुकवा दिया गया है तथा इमारत के मालिक को ताड़ना की गई है। लेकिन देखना यह होगा कि क्या उनकी ताड़ना का कोई असर होता है या फिर मालिक मनमर्जी करने में कामयाब हो जाता है।

आपको बता दें कि यह मामला शहर के बहादुरपुर चौक से समीप श्रीमती पीडी आर्य स्कूल के सामने की तरफ बन रही मार्किट का है। जहां पर कुछ समय पहले ही चंद माह में ही 2-3 दुकानें बनकर तैयार हो गईं तथा एक के बाद एक दुकान बनाए जाने का सिलसिला जारी है। प्राप्त जानकारी अनुसार जो दुकानें पहले बनाई गई हैं वह भी नियमों के विपरीत ही हैं। क्योंकि, उन्हें बनाते समय दुकान के शटर की जगह के आगे कुछ जगह यह कहते हुए छोड़ी गई कि यह कारीडोर है, लेकिन बाद में उसे भी कवर करके वहां पर शटर लगा दिया गया यानि कि करीब 6 से 10 फिट तक दुकानों को आगे बढ़ा लिया गया। जो जगह पार्किंग के लिए छोड़ी जानी थी, उसे कम करके कवर कर लिया गया।
लेकिन अब जो ताजा मामला प्रकाश में आया है उसके तहत जो तस्वीर में आप निर्माण कार्य देख रहे हैं उसने तो सारी हदें ही पार कर डालीं। निर्माण करवा रहे मालिक द्वारा पहले बनी दुकानें से करीब 2-3 फिट अधिक दुकान को सड़क की तरफ बढ़ाकर बनाया जा रहा है। जिसे देखकर साफ हो जाता है कि नियमों की अवहेलना किस तरह से की जा रही है। मौके पर देखने से पता चला कि निर्माण कार्य तेजी से करवाया जा रहा है, क्योंकि शायद निर्माण करवा रहा मालिक जानता है कि आगामी तीन दिनों तक निगम में छुट्टी रहने वाली है और उसे रोकने वाला कोई नहीं होगा तथा जब एक बार निर्माण हो जाएगा तो उसे कौन गिराएगा। आगे जो होगा देखा जाएगा। लेकिन मामला प्रकाश में आते ही नियम अधिकारियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर काम बंद करने को कहा और नोटिस जारी कर दिया है।
इस संबंधी जानकारी देते हुए एटीपी विजय कुमार ने बताया कि निगम कमिशनर की सख्त हिदायतों पर किसी को भी नियमों के विपरीत निर्माण की आज्ञा नहीं दी जाएगी तथा जो ऐसा करेगा उसके खिलाफ सख्त कार्यवाही हेतु उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट बनाकर भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि उन्होंने मौका देखा है तथा मालिक को नोटिस जारी करके अवैध निर्माण को खुद ही हटाने की हिदायत दी गई है। अगर वह फिर भी निर्माण करता है तो निगम द्वारा सख्त कार्यवाही करते हुए उसे जेसीबी की मदद से तोड़ दिया जाएगा।












