
राजस्थान (द स्टैलर न्यूज़)। राजस्थान के बूंदी जिले में तालेड़ा थाना क्षेत्र के अलकोदिया गांव में खेतों में शौच के लिए गई एक नौ वर्षीय मासूम को आवारा कुत्तों के झुंड ने नोच-नोच कर मार डाला। मृतका की पहचान रिंकू भील के रूप में हुई है, जो स्थानीय सरकारी स्कूल में तीसरी कक्षा की छात्रा थी। इस दुखद समाचार के बाद लोकसभा अध्यक्ष और क्षेत्रीय सांसद ओम बिरला ने अपने सभी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम रद्द कर दिए और पीड़ित परिवार को सांत्वना देने गांव पहुंचे। रिंकू भील का परिवार दिहाड़ी मजदूरी कर जीवन यापन करता है।

मिली जानकारी मुताबक जब रिंकू अपने कच्चे घर से पास के खेतों की ओर गई थी, तभी वहां मौजूद दर्जनों आवारा कुत्तों ने उस पर हमला बोल दिया। कुत्तों ने उसे बुरी तरह लहूलुहान कर दिया। बच्ची की चीखें सुनकर जब तक परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब तक मासूम दम तोड़ चुकी थी। तालेड़ा पुलिस उपाधीक्षक राजेश टेलर ने बताया कि हमला इतना भीषण था कि कुत्तों ने शरीर के कुछ हिस्सों का मांस तक नोच लिया था।











