
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल नारू नंगल में मेगा पीटीएम (पैरेंट्स-टीचर मीटिंग) और अभिभावक कार्यशाला के माध्यम से “शिक्षा का महा जश्न” मनाया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावकों ने भाग लेकर बच्चों की शिक्षा और विद्यालय की गतिविधियों के बारे में जानकारी प्राप्त की। स्कूल के प्रिंसिपल शैलेन्द्र ठाकुर ने बताया कि स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा जारी वर्ष 2024-25 के परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स (PGI) 2.0 की रिपोर्ट में पंजाब ने पहला स्थान प्राप्त किया है। इसके अलावा नीति आयोग की शिक्षा गुणवत्ता रिपोर्ट 2026 में भी पंजाब ने देशभर में पहला स्थान हासिल करते हुए प्रचेष्टा ग्रेड-1 प्राप्त किया है।

उन्होंने बताया कि मेगा पीटीएम और अभिभावक कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य पंजाब की इस उपलब्धि के पीछे स्कूलों में कार्यरत समूचे स्टाफ की मेहनत को प्रोत्साहित करना तथा इस उपलब्धि की जानकारी अभिभावकों तक पहुंचाना है। साथ ही गर्मी की छुट्टियों के दौरान बच्चों की पढ़ाई को छुट्टियों के कार्य, दैनिक गतिविधियों और सीखने की प्रक्रिया से जोड़कर निरंतर जारी रखने के लिए प्रेरित किया गया। अभिभावकों को छुट्टियों के बाद बच्चों को दोबारा स्कूल भेजने के लिए तैयार और प्रेरित करने पर भी जोर दिया गया।
इस अवसर पर बोर्ड परीक्षाओं में स्कूल स्तर पर प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं अपर प्राइमरी स्कूलों के हुनर शिक्षा कार्यक्रम से जुड़े वे विद्यार्थी, जो इंटर्नशिप के लिए जा रहे हैं, उन्हें “गुड लक” प्रमाण पत्र देकर उत्साहित किया गया। कार्यक्रम में नारू नंगल की सरपंच श्रीमती ऊषा कुमारी, धीरोवाल की सरपंच बलवीर कौर तथा स्कूल मैनेजमेंट कमेटी के चेयरमैन गुरप्रीत विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान अभिभावकों के लिए रिफ्रेशमेंट की भी व्यवस्था की गई। अंत में प्रिंसिपल शैलेन्द्र ठाकुर और समस्त स्टाफ ने स्कूल में पधारे सभी अभिभावकों एवं गणमान्य व्यक्तियों का धन्यवाद किया।











