
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। राष्ट्र सेविका समिति पंजाब प्रांत द्वारा सर्वहितकारी विद्या मंदिर, होशियारपुर में आयोजित मातृशक्ति वर्ग के आठवें दिन मातृ हस्तेन भोजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ग में पंजाब प्रांत के विभिन्न जिलों से सभी आयु वर्ग की शिक्षार्थी भाग ले रही हैं। कार्यक्रम में होशियारपुर के 31 गणमान्य परिवारों सहित लगभग 100 शिक्षार्थियों, शिक्षिकाओं एवं प्रबंधिका बहनों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ सांयस्मरण, देवी अष्टभुजा स्तोत्र तथा भजन के साथ किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला कार्यवाहिका अमिता पंकज शर्मा ने किया।

इस अवसर पर राष्ट्र सेविका समिति की उत्तर क्षेत्र एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश की प्रचारिका सुश्री तारा दीदी ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने दुर्योधन के स्वादिष्ट व्यंजनों के बजाय विदुर के घर का सात्विक भोजन स्वीकार कर सादगी, प्रेम और आत्मीयता का संदेश दिया था। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार के संस्कार और आचरण हमारे परिवार एवं समाज में भी होने चाहिए। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित बंधु-भगिनियों ने पंजाबी लोकगीत प्रस्तुत कर वातावरण को आनंदमय बनाया तथा विभिन्न खेलों में भी भाग लिया। इसके पश्चात सभी ने प्रेमपूर्वक मातृ हस्तेन भोजन ग्रहण किया। कार्यक्रम का समापन भारत माता की आरती के साथ हुआ।











