Saturday, October 3, 2026
Home National नीट Re-Exam से पहले NTA का कारनामाः नागपुर का छात्र, अबू...

नीट Re-Exam से पहले NTA का कारनामाः नागपुर का छात्र, अबू धाबी में बना परीक्षा केंद्र, पास नहीं पासपोर्ट

महाराष्ट्र (द स्टैलर न्यूज़)। नीट-यूजी 2026 की पुनर्परीक्षा से ठीक एक दिन पहले महाराष्ट्र के नागपुर के एक छात्र के साथ हुई एक चौंकाने वाली घटना ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। छात्र ने परीक्षा केंद्र के लिए नागपुर को अपनी पहली पसंद चुना था, लेकिन जब उसने नया एडमिट कार्ड डाउनलोड किया तो उसमें परीक्षा केंद्र संयुक्त अरब अमीरात के अबू धाबी में दिखाया गया। परीक्षा 21 जून को होनी है और इतनी कम अवधि में विदेश जाकर परीक्षा देना छात्र और उसके परिवार के लिए लगभग असंभव है। इस घटना ने एक बार फिर परीक्षा प्रबंधन को लेकर बहस छेड़ दी है। छात्र को मूल रूप से नीट परीक्षा के लिए नागपुर के सरस्वती विद्यालय में परीक्षा केंद्र आवंटित किया गया था। लेकिन पेपर लीक विवाद के बाद जब पुनर्परीक्षा की प्रक्रिया शुरू हुई और नया एडमिट कार्ड जारी हुआ, तब परीक्षा केंद्र बदलकर अबू धाबी इंडियन स्कूल कर दिया गया। परिवार का कहना है कि आवेदन भरते समय छात्र ने पहली पसंद नागपुर, दूसरी वर्धा और तीसरी भंडारा चुना था। इसके बावजूद विदेश में परीक्षा केंद्र आवंटित होना समझ से परे है।

Advertisements

एडमिट कार्ड देखने के बाद परिवार पूरी तरह हैरान रह गया। छात्र के पिता मोहम्मद तालिब ने कहा कि उनका परिवार अपने बेटे को परीक्षा देने के लिए विदेश नहीं भेज सकता। उन्होंने बताया कि छात्र के पास पासपोर्ट तक नहीं है और परीक्षा से पहले यात्रा की कोई तैयारी संभव नहीं है। परिवार ने तुरंत एनटीए हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। परिवार के मुताबिक हेल्पलाइन अधिकारियों ने मामले को गलती माना और जांच के बाद संशोधित एडमिट कार्ड जारी करने का आश्वासन दिया है। हालांकि परीक्षा से ठीक पहले ऐसी स्थिति ने छात्र की चिंता बढ़ा दी है। महाराष्ट्र के पूर्व शिक्षा मंत्री डॉ. अनीस अहमद ने इस घटना को गंभीर प्रशासनिक चूक बताया है। उन्होंने कहा कि परीक्षा एजेंसी को तुरंत छात्र को नागपुर या नजदीकी शहर में परीक्षा केंद्र आवंटित करना चाहिए। उनके मुताबिक यह मामला सिर्फ एक छात्र की परेशानी नहीं है, बल्कि परीक्षा संचालन की विश्वसनीयता से भी जुड़ा है। इस घटना ने एनटीए की व्यवस्थाओं को लेकर नई चिंताएं पैदा कर दी हैं, खासकर तब जब एजेंसी पहले से ही कई विवादों के कारण चर्चा में रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here