
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। श्री आत्मानंद जैन सभा द्वारा संचालित एस ए वी जैन डे बोर्डिंग स्कूल में प्रधान श्री जीवन जैन जी के मार्गदर्शन और स्कूल डीन श्रीमती सुनीता दुग्गल और प्रिंसिपल श्रीमती मनु वालिया के निर्देशानुसार पिता के प्रति सम्मान और स्नेह प्रकट करने के उद्देश्य से विद्यार्थियों ने ऑनलाइन फादर्स डे मनाया ।विद्यार्थियों को प्रेरित किया गया कि वह घर बैठकर अपने पिता के लिए सुंदर कार्ड तैयार करें और बच्चों ने भी रंग-बिरंगे कागजों, चित्रों और भावनात्मक संदेशों से सजे कार्डों के माध्यम से अपने पिता के प्रति आभार प्रकट किया और कार्डों के माध्यम से बच्चों ने अपने दिल की बात ,पिता के प्रति प्यार और सम्मान को रचनात्मक रूप से व्यक्त किया।

अपने भेजे गए संदेश में प्रधान श्री जीवन जैन ने कहा कि मां अगर अस्तित्व है तो पिता इस अस्तित्व की पहचान है और इसी बात को समझाने के लिए जून के महीने में तीसरे रविवार को फादर्स डे मनाया जाता है। इस गतिविधि का उद्देश्य बच्चों को पारिवारिक मूल्यों और संस्कारों से जोड़ना है क्योंकि संतान की कामयाबी के पीछे एक पिता का सर्वाधिक योगदान रहता है। सेक्रेटरी श्री मानिक जैन ने कहा कि बच्चों द्वारा बनाए गए कार्ड न केवल उनकी रचना है बल्कि यह उनके हृदय की सभी भावनाओं का प्रतीक है। कैशियर श्री साहिल जैन ने कहा कि दुनिया में पिता ही एक ऐसी शख्सियत है जो चाहते हैं कि मेरी संतान मेरे से अधिक कामयाब हो और मेरे से अधिक प्रगति करें ।इस आयोजन में बच्चों के अभिभावकों का भी विशेष योगदान देखने को मिला ।उन्होंने भी बच्चों का उत्साह वर्धन किया और उनके इस कार्य को सराहा। इस प्रकार पिता दिवस एक भावनात्मक, रचनात्मक और संस्कार पूर्ण बन गया ।इस मौके पर स्कूल की डीन श्रीमती सुनीता दुग्गल व प्रिंसिपल श्रीमती मनु वालिया ने सभी विद्यार्थियों को फादर्स डे की बहुत शुभकामनाएं दी।











