Sunday, October 4, 2026
Home Hoshiarpur भारत विकास परिषद द्वारा 27 जून से 10 जुलाई तक मनाया जाएगा...

भारत विकास परिषद द्वारा 27 जून से 10 जुलाई तक मनाया जाएगा सेवा पखवाड़ा: संजीव अरोड़ा

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। भारत विकास परिषद की ओर से 27 जून से 10 जुलाई तक सेवा पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में परिषद के प्रधान एवं प्रमुख समाजसेवी संजीव अरोड़ा ने जानकारी देते हुए बताया कि सेवा पखवाड़े का शुभारंभ 27 जून को परिषद के संस्थापक डॉ. सूरज प्रकाश जी की जयंती के अवसर पर शहीद ऊधम सिंह पार्क में आयोजित कार्यक्रम से किया जाएगा। श्री अरोड़ा ने बताया कि इस अवसर पर योग के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से पार्क में प्रतिदिन योग कक्षाएं लगाने का निर्णय लिया जाएगा, जिन्हें आगामी वर्षों तक निरंतर जारी रखने का लक्ष्य रखा गया है।संजीव अरोड़ा ने कहा कि सेवा पखवाड़े के दौरान प्रतिदिन विभिन्न सेवा प्रकल्प आयोजित किए जाएंगे।

Advertisements

इनमें जरूरतमंद परिवारों की सहायता, अनाथ एवं आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों की शिक्षा हेतु गोद लेना, जरूरतमंद मरीजों को दवाइयों का वितरण, निःशुल्क चिकित्सा शिविर, रक्तदान जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण हेतु वृक्षारोपण, तुलसी पौधों का वितरण, स्वच्छता अभियान, पक्षियों के लिए परिंडे एवं जलपात्र लगाना, वस्त्र वितरण, नेत्रदान एवं देहदान जागरूकता तथा अन्य जनकल्याणकारी सेवा गतिविधियां शामिल होंगी।

उन्होंने कहा कि भारत विकास परिषद सदैव सेवा, संस्कार, सहयोग एवं समर्पण की भावना के साथ समाजहित में कार्य करती रही है और यह सेवा पखवाड़ा भी उसी कड़ी का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।सेवा पखवाड़े का समापन 10 जुलाई को भारत विकास परिषद के स्थापना दिवस के अवसर पर किया जाएगा। इस दिन सांझी रसोई में जरूरतमंद लोगों को भोजन करवाकर स्थापना दिवस मनाया जाएगा। अंत में संजीव अरोड़ा ने सभी समाजसेवियों, परिषद सदस्यों एवं शहरवासियों से अपील की कि वे इस पुण्य कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लें तथा सेवा पखवाड़े के दौरान आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होकर मानव सेवा के इस अभियान के भागीदार बनें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here