
कर्नाटक (द स्टैलर न्यूज़)। कर्नाटक के बेंगलुरु दक्षिण जिले में दर्दनाक हादसा होने का समाचार प्राप्त हुआ है। जिले के मादापट्टना के पास एक पत्थर की खदान में चट्टान गिरने से 7 मजदूरों की मौत हो गई है। सामने आई जानकारी के अनुसार, ये हादसा गुरुवार को सुबह तब हुआ जब कावेरी कंपनी के कर्मचारी एक चट्टान पर काम कर रहे थे। उस वक्त एक क्रेन ऊपर की तरफ कर रही थी, उसी समय, अचानक एक बड़ी चट्टान नीचे की ओर गिरी और वहां काम कर रहे कर्मचारियों पर गिर गई। इस घटना को लेकर आरम्भिक जांच में पता चला है कि हादसे के वक्त खदान में 15-20 मजदूर काम कर रहे थे। उस समय एक हिताची मशीन 100 फीट ऊपर की जगह साफ कर रही थी।

हिताची ड्राइवर एक नया क्रशर लगाने के लिए जगह साफ कर रहा था। उस समय, नीचे मजदूर काम कर रहे थे। ऐसा प्रतीत होता है कि हादसा इसलिए हुआ क्योंकि हिताची ड्राइवर ने नीचे काम कर रहे मजदूरों को नहीं देखा। बेंगलुरु दक्षिण जिले के पत्थर की खदान में हुए हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने इस मामले में आगे की जांच और कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, हादसे में मृत सभी 7 मजदूर बिहार के बताए जा रहे हैं।












