Wednesday, October 21, 2026
Home Hoshiarpur पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय फलाही में कक्षा 6 में प्रवेश के...

पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय फलाही में कक्षा 6 में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने बताया कि सह-शैक्षिक आवासीय पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, फलाही में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा 6 में प्रवेश हेतु ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वर्तमान शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कक्षा 5 में अध्ययनरत पात्र विद्यार्थी 31 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

Advertisements

उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी के माता-पिता जिला होशियारपुर के स्थायी निवासी होने चाहिए। विद्यार्थी ने कक्षा 3 एवं 4 की पढ़ाई नियमित रूप से पूरी की हो तथा वर्तमान में कक्षा 5 में अध्ययनरत हो। अभ्यर्थी की जन्मतिथि 1 मई 2015 से 31 जुलाई 2017 (दोनों तिथियां सहित) के बीच होनी चाहिए।

डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के अभ्यर्थी आवेदन से पहले यह सुनिश्चित कर लें कि उनका नाम पंजाब की केंद्रीय ओबीसी सूची में शामिल है। यदि नाम केंद्रीय सूची में नहीं है तो उन्हें अनारक्षित (यूआर) श्रेणी के अंतर्गत आवेदन करना होगा।

उन्होंने कहा कि प्रवेश के लिए चयन परीक्षा 28 नवंबर 2026 को जिला होशियारपुर के निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। अभिभावकों एवं अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले प्रॉस्पेक्टस में दी गई सभी शर्तों को ध्यानपूर्वक पढ़ना चाहिए। प्रॉस्पेक्टस नवोदय विद्यालय समिति की वेबसाइट से निःशुल्क डाउनलोड किया जा सकता है।

आवेदन के समय विद्यार्थी का फोटो, माता अथवा पिता एवं अभ्यर्थी के हस्ताक्षर, श्रेणी प्रमाण-पत्र (यदि लागू हो) तथा आधार विवरण या सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी निवास प्रमाण-पत्र के दस्तावेज़ जेपीजी प्रारूप (10 केबी से 100 केबी) में तैयार रखने होंगे। आवेदन के दौरान राज्य, जिला, ब्लॉक, आधार संख्या, अपार आईडी तथा परमानेंट एजुकेशन नंबर सहित अन्य आवश्यक विवरण भरना अनिवार्य होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here