
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। श्रीलंकाई जलक्षेत्र में अवैध रूप से मछली पकड़ने के आरोप में करीब नौ भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया गया तथा उनकी एक नौका भी जब्त कर ली गई। नौसेना ने कहा कि ये मछुआरे अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा पार कर तलैमन्नार के उत्तर में स्थित श्रीलंका के जलक्षेत्र में मछली पकड़ रहे थे। मछुआरों के मुद्दे को लेकर जारी तनाव के बीच ये गिरफ्तारियां हुई हैं। यह मुद्दा भारत-श्रीलंका संबंधों में तनाव का लंबे समय से कारण रहा है। श्रीलंका की नौसेना ने एक बयान में कहा कि चलाए गए अभियान के दौरान नौ मछुआरों को गिरफ्तार किया गया। नौसेना के अनुसार, मछली पकड़ने वाली 50 से अधिक भारतीय नौकाओं ने ईरानातीवु के दक्षिण में श्रीलंका के जलक्षेत्र में कथित तौर से अवैध रूप से प्रवेश किया और वहां गैरकानूनी तरीके से मछली पकड़ी जा रही थीं।

श्रीलंका की नौसेना ने बुधवार को जारी एक बयान में कहा कि गिरफ्तार किए गए नौ भारतीय मछुआरों और जब्त की गई उनकी नौका को कानूनी कार्रवाई के लिए मन्नार के मत्स्य निरीक्षक के हवाले कर दिया गया। इस वर्ष 15 अप्रैल तक कोलंबो के जलक्षेत्र में अवैध रूप से मछली पकड़ने के आरोप में श्रीलंका की नौसेना 128 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार कर चुकी थी और 18 नौकाएं जब्त कर चुकी थी। मछुआरों का मुद्दा भारत और श्रीलंका के संबंधों में लंबे समय से विवाद का विषय रहा है। श्रीलंका की नौसेना पर पाक जलडमरूमध्य में भारतीय मछुआरों पर गोलीबारी करने तथा श्रीलंका के जलक्षेत्र में कथित अवैध प्रवेश की कई घटनाओं में उनकी नौकाएं जब्त करने के आरोप भी लगते रहे हैं।












