
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन के नेतृत्व में जिले में विद्यार्थियों के स्वास्थ्य, प्राथमिक उपचार एवं आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता संबंधी जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘मिशन स्वस्थ कवच’ की शुरुआत की गई है। मिशन के अंतर्गत सरकारी कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल, रेलवे मंडी में प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस दौरान सहायक कमिश्नर (अंडर ट्रेनिंग) गुरकंवल सिंह व अधिक सहायक कमिश्नर गुरप्रीत कौर ने विशेष तौर पर शिरकत की।

कार्यक्रम के दौरान 1,340 विद्यार्थियों तथा 20 अध्यापकों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। अध्यापकों को प्रशिक्षण डॉ. हरनीत खुराना द्वारा दिया गया, जबकि विद्यार्थियों को कक्षा-कक्षा जाकर व्यावहारिक (हैंड्स-ऑन) प्रशिक्षण उपलब्ध कराया गया, जिससे वे स्वास्थ्य संबंधी आपात परिस्थितियों में सही निर्णय लेने और प्राथमिक उपचार देने के लिए सक्षम बन सकें।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में विशेषज्ञ टीम के सदस्य डॉ. हरनीत खुराना, डॉ. ग्लोरी एरिक, वरिंदर सिंह, कल्पना जैन, सर्वोत्थम रमणाथन, हीना मिगलानी तथा राहुल ठाकुर ने विद्यार्थियों को विभिन्न स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। टीम ने प्राथमिक उपचार, आपातकालीन स्थिति में तुरंत प्रतिक्रिया, स्वच्छता तथा जीवन रक्षक उपायों का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया। जिला प्रशासन की ओर से इस कार्यक्रम में आरबीएसके से डॉ. विवेक, दो नर्सिंग एजुकेटर तथा दस एएनएम ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई और प्रशिक्षण को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने कहा कि ‘मिशन स्वस्थ कवच’ का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देना ही नहीं, बल्कि उन्हें ऐसी व्यावहारिक जीवन कौशल से भी लैस करना है, जो किसी भी आपात स्थिति में उनके तथा अन्य लोगों के जीवन की रक्षा करने में सहायक हों। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में जिले के अन्य विद्यालयों में भी इस अभियान के तहत चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को इस महत्वपूर्ण पहल का लाभ मिल सके। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन इस मिशन को जन-स्वास्थ्य एवं छात्र सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानते हुए पूरी गंभीरता से आगे बढ़ा रहा है।
इस अवसर पर ज़िला टीकाकरण अधिकारी डॉ. सीमा गर्ग, स्कूल प्रिंसिपल राजन अरोड़ा व स्कूल का समूह स्टाफ भी मौजूद था।











