
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। नशा मुक्त समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, MY Bharat होशियारपुर द्वारा ” नशा मुक्त युवा विकसित भारत’ विषय पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन डिप्टी डायरेक्टर सुश्री जसलीन कौर के मार्गदर्शन में, सरकारी कॉलेज होशियारपुर के सहयोग से किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना था। इस कार्यक्रम में जिले भर से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत गणमान्य अतिथियों के आगमन एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसके उपरांत डिप्टी डायरेक्टर सुश्री जसलीन कौर द्वारा स्वागत भाषण प्रस्तुत किया गया।

माननीय सहायक आयुक्त (जी) मेजर डॉ. सुमित मुद्ह ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई, जबकि कॉलेज प्राचार्या श्रीमती सविता गुप्ता विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने युवाओं को नशे से दूर रहने तथा अनुशासित एवं स्वस्थ जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर डिप्टी डायरेक्टर जसलीन कौर ने कहा, “हमारे युवा विकसित भारत की रीढ़ हैं। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से हम उन्हें जागरूक, जिम्मेदार और नशा मुक्त भारत के निर्माण के लिए प्रेरित करना चाहते हैं।” कार्यक्रम के दौरान विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। सरकारी कॉलेज के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक ने नशे के दुष्प्रभावों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। इसके अतिरिक्त वाद-विवाद, स्लोगन लेखन, पेंटिंग, स्लैम पोएट्री, लोक संगीत, नृत्य एवं रील प्रतियोगिता आयोजित की गईं, जिनमें प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में कॉलेज कोऑर्डिनेटर श्री रणजीत सिंह, NSS कोऑर्डिनेटर्स एवं समस्त
कॉलेज प्रबंधन का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का समापन पुरस्कार वितरण समारोह, धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। यह
आयोजन नशा मुक्त भारतके लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।












