
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। पूर्व पार्षद नीति तलवाड़ द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी तीज का पर्व पूरे उत्साह, पारंपरिक रीति-रिवाजों और पंजाबी संस्कृति की रंगत के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महिलाओं ने एकत्र होकर पंजाबी लोकगीतों, गिद्धा और पारंपरिक वेशभूषा के माध्यम से तीज की खुशियां मनाईं।

इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए नीति तलवाड़ ने कहा कि उनका हमेशा प्रयास रहता है कि प्रत्येक त्योहार को उसकी मूल भावना, सांस्कृतिक महत्व और परंपराओं के अनुरूप मनाया जाए। उन्होंने कहा कि आधुनिकता और बढ़ते व्यावसायीकरण के दौर में कई त्योहार अपनी वास्तविक पहचान से दूर होते जा रहे हैं, जबकि तीज का पर्व कभी खुले आंगनों, शहतूत और बरगद के पेड़ों की छांव में झूले डालकर परिवार और समाज के साथ मिलकर मनाया जाता था।
उन्होंने कहा कि यह खुशी की बात है कि आज भी महिलाएं अपनी समृद्ध विरासत को याद रखते हुए तीज जैसे पारंपरिक पर्वों को पूरे उत्साह से मना रही हैं। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे अपने बच्चों को भी पंजाबी संस्कृति, लोक परंपराओं और त्योहारों के वास्तविक महत्व से परिचित कराएं, ताकि हमारी सांस्कृतिक विरासत आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित पहुंच सके।
नीति तलवाड़ ने कहा कि हमारे पारंपरिक त्योहारों का धार्मिक, सामाजिक और वैज्ञानिक महत्व है। यदि हम इनके वास्तविक संदेश को अपने जीवन में अपनाएं तो एक स्वस्थ, संतुलित और खुशहाल समाज का निर्माण किया जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में नीति तलवाड़ ने उपस्थित सभी महिलाओं एवं अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए पंजाबी संस्कृति, लोक परंपराओं और विरासत को संरक्षित एवं जीवंत बनाए रखने का संकल्प दोहराया।












