Monday, October 5, 2026
Home Hoshiarpur कर्मचारियों पर बरसने से पहले अपने गिरेबान में झांकें विधायक जिंपा: संजीव...

कर्मचारियों पर बरसने से पहले अपने गिरेबान में झांकें विधायक जिंपा: संजीव तलवाड़

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। “उल्टा चोर कोतवाल को डांटे” वाली कहावत आम आदमी पार्टी के विधायक ब्रह्म शंकर जिंपा पर पूरी तरह सटीक बैठती है। बीते दिनों वार्ड नंबर 28 में विकास कार्यों को लेकर जिस तरह उन्होंने सरकारी कर्मचारियों पर अपना गुस्सा निकाला, वह एक ड्रामे के अलावा और कुछ नहीं था।
यह बात शिरोमणि अकाली दल के हलका इंचार्ज संजीव तलवाड़ ने एक प्रेस वार्ता के दौरान कही। उन्होंने विधायक जिंपा की निंदा करते हुए सवाल किया कि पंजाब में पिछले साढ़े चार वर्षों से ‘आप’ की सरकार है, आप उसका अहम हिस्सा हैं और नगर निगम में भी आपकी ही कमेटी है। फिर यदि उस वार्ड में विकास कार्य नहीं हुए, तो इसके लिए जिम्मेदार कौन है?

Advertisements

तलवाड़ ने कहा कि विपक्षी दलों के पार्षद हमेशा यह आरोप लगाते रहे हैं कि विधायक उनके वार्डों में काम नहीं होने देते, और आज यह बात विधायक ने स्वयं साबित कर दी है। उन्होंने इन्हीं अधिकारियों पर दबाव डालकर विपक्षी वार्डों के काम रुकवाए हैं। उन्होंने सरकारी कर्मचारियों से अपील करते हुए कहा कि वे इस घटना से सबक लें। जब तक कर्मचारी राजनीतिक नेताओं के कहने पर पक्षपात करते रहेंगे, उन्हें इसी तरह की जिल्लत का सामना करना पड़ेगा। तलवाड़ ने कर्मचारियों को भरोसा दिलाया कि यदि वे ईमानदारी से काम करेंगे, तो शिरोमणि अकाली दल उनके साथ ढाल बनकर खड़ा रहेगा और किसी भी राजनीतिक धक्केशाही को बर्दाश्त नहीं करेगा।
इस अवसर पर शिरोमणि अकाली दल पिछड़ा वर्ग पंजाब के महासचिव बिक्रमजीत कलसी, अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष प्रेम सिंह, व्यापार सेल के जिला अध्यक्ष संतोष सिंह औजला और पूर्व पार्षद नरेंद्र सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here