
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। एक अध्यापक जब अपने अनुभवों को कागज पर उतरता है तो वह समाज के लिए प्रेरणा स्रोत बन जाता है। इसी दिशा में एक नया प्रयास करते हुए सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल मुरादपुर नरियाल के इंग्लिश के लेक्चरर अशोक कुमार द्वारा अपनी पहली अंग्रेजी काव्य पुस्तक व्हाट आई ऑब्जर्व्ड इन माय लाइफ में प्रकृति, सौंदर्य, नैतिकता और आध्यात्मिकता के साथ-साथ जीवन के अन्य पहलुओं को दर्शाती हुई कविताओं का वर्णन किया है।

उन्होंने इस पुस्तक में अपने जीवन के अनुभवों को दूसरों के साथ सांझा करते हुए इस बात का संदेश दिया है कि जीवन में चाहे कितना भी कठिन समय क्यों ना आए हमें अपने पर विश्वास रखते हुए आगे की तरफ देखना चाहिए। उनका मानना है की कठिनाइयां मनुष्य को मजबूत बनाती है लेकिन इसे पार पाने के लिए धैर्य की जरूरत होती है। अपनी पुस्तकों का एक सेट सेवा मुक्त लेक्चरर संदीप कुमार सूद को भेंट करते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग के सेवा मुक्त कर्मचारी तथा सेवा कर रहे कर्मचारियों के साथ बिताए हुए पलों ने भी उन्हें पुस्तक लिखने में सहायता दी है। इस मौके पर संदीप कुमार सूद ने कहा कि हम अपने जीवन में बहुत सी चीजों को अनुभव करते हैं लेकिन कलम के माध्यम से उनको कागज पर उतरने के लिए कुछ लोग ही आगे आते हैं उन्होंने कहा कि अशोक कुमार भविष्य में भी समाज को नई दिशा देने के लिए किताबों का लेखन करते रहेंगे।












