Wednesday, November 4, 2026
Home Hoshiarpur श्री खुरालगढ़ साहिब में 4 से 6 दिसंबर तक मनाया जाएगा श्री...

श्री खुरालगढ़ साहिब में 4 से 6 दिसंबर तक मनाया जाएगा श्री गुरु रविदास जी का प्रदेश स्तरीय 650वां प्रकाश पर्व

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। पंजाब सरकार की ओर से श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित श्री खुरालगढ़ साहिब में 4 से 6 दिसंबर तक भव्य प्रदेश स्तरीय समागम आयोजित किया जाएगा। इस ऐतिहासिक आयोजन की तैयारियों को लेकर आज पर्यटन विभाग के डायरेक्टर संजीव तिवारी ने श्री खुरालगढ़ साहिब में जिला प्रशासन के विभिन्न अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उनके साथ एसएसपी संदीप कुमार मलिक, एडीसी राकेश कुमार मीणा, तप अस्थान श्री खुरालगढ़ साहिब से संत केवल सिंह, चरणछोह सचखंड बेगमपुरा श्री ख़ुरालगढ़ साहिब से संत सुरिंदर सिंह भी मौजूद थे। उन्होंने समागम की रूपरेखा पर चर्चा करते हुए संबंधित विभागों को समय रहते सभी आवश्यक प्रबंध पूरे करने के निर्देश दिए।
 
संजीव तिवारी ने कहा कि श्री गुरु रविदास जी का 650वां प्रकाश पर्व श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर बड़े स्तर पर धार्मिक समागम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। उन्होंने बताया कि इस पावन अवसर पर काशी, जम्मू, फरीदकोट और बठिंडा से चार विशेष शोभा यात्राएं निकाली जाएंगी, जो 3 दिसंबर को श्री खुरालगढ़ साहिब पहुंचेंगी।
 
उन्होंने कहा कि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष टैंट सिटी स्थापित की जाएगी, ताकि उनके ठहरने और अन्य आवश्यक सुविधाओं के उचित प्रबंध किए जा सकें। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को आवश्यक निर्माण एवं बुनियादी सुविधाओं, स्वास्थ्य विभाग को मेडिकल सेवाओं, पुलिस व परिवहन विभाग को सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था तथा संबंधित विभागों को बिजली, सफाई, पेयजल और अन्य जरूरी प्रबंध समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
 
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ काम करें और अपनी जिम्मेदारियों को पूरी गंभीरता से निभाएं। समागम में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा भी की जाए।
 
बैठक में ओएसडी (शहरी मामले) ओएशी मंडल, एसपी नवनीत कौर, एसडीएम गढ़शंकर संजीव कुमार, सहायक कमिश्नर (अंडर ट्रेनिंग) गुरकंवल सिंह, अधिक सहायक कमिश्नर गुरप्रीत कौर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Advertisements

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here