
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। शहर के महाराणा प्रताप चौक पर आए दिन कोई न कोई राजनीतिक पार्टी द्वारा झंडे लगाए जाते हैं, जोकि बहुत ही निंदनीय है। इस बात का संज्ञान लेते हुए क्षत्रिय करणी सेना व यूथ राजपूत सभा की ओर से एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में सदस्यों ने राजनीतिक पार्टियों द्वारा चौक पर झंडे लगाने की कड़े शब्दों में निंदा की। इस मौके पर राजपूत सभा के यूथ प्रधान मोंटी ठाकुर ने कहा कि राजपूत बिरादरी से संबंधित परिवार किसी न किसी राजनीतिक पार्टी से जुड़े हुए हैं तथा उनके लिए महाराणा प्रताप से वह बड़ी नहीं हैं। हमारा समाज सभी पार्टियों का सम्मान करता है, लेकिन हम यह बर्दाश्त नहीं करेंगे कि महाराणा प्रताप चौक का प्रयोग राजनीति चमकाने के लिए किया जाए।

उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप जी का सम्मान उनके लिए सर्वोपरि है और उनके नाम से जुड़े चौक पर किसी भी तरह की राजनीतिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं, क्षत्रिय करणी सेना पंजाब के प्रधान लक्की ठाकुर व राजपूत सभा के प्रधान धर्मवीर ठाकुर गोलू ने कहा कि राजनीतिक पार्टियों को चौक पर झंडे लगाकर इसकी सुंदरता खराब नहीं करनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में किसी भी राजनीतिक पार्टी द्वारा महाराणा प्रताप चौक पर झंडे लगाए गए तो उन्हें तुरंत उतार/फाड़ दिया जाएगा और उस पार्टी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस चौक पर तिरंगा व धार्मिक ध्वज तो फहराए जा सकते हैं, लेकिन राजनीतिक पार्टी को राजनीति करने के लिए चौक का प्रयोग नहीं करने दिया जाएगा। इस मौके पर राकेश ठाकुर, अमर ऐरी, राकेश चावला, कुलवीर बावा आदि उपस्थित रहे।












