
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। शहर के वार्डों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने और लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से विधायक ब्रम शंकर जिम्पा ने वार्ड नंबर 22 में 12 लाख 60 हजार रुपये की लागत से 800 फुट टाइलें लगाने के विकास कार्य की शुरुआत करवाई। इस अवसर पर विधायक जिम्पा ने कहा कि शहर के सभी वार्डों में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर करवाया जा रहा है। सड़कों और गलियों के निर्माण एवं सुधार से जहां लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी, वहीं क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं में भी सुधार होगा। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए और इन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि स्थानीय निवासियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार की ओर से शहरों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और लोगों की जरूरतों के अनुसार विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। उनका प्रयास है कि शहर के प्रत्येक वार्ड में बिना किसी भेदभाव के जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं। इस मौके पर मेयर प्रवीण सैनी, पार्षद हरविंदर हैरी, सलिंदर सिंह, सलिंदर कौर, काला, केवल सिंह और सन्नी सहित वार्ड के अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं स्थानीय निवासी मौजूद थे।












