कसौली गोलीकांड में पुलिस की लापरवाही को लेकर भाजपा पर बरसे कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष

हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट: रजनीश शर्मा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व विधायक सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कसौली गोलीकांड को लेकर जयराम सरकार को एक बार फिर कठघरे में खड़ा किया है। सुक्खू ने कहा कि जयराम सरकार को सत्ता के नशे से बाहर निकलने की जरूरत है। प्रदेश अध्यक्ष उपमंडल की कश्मीर पंचायत में विधायक चुने जाने के बाद लोगों का धन्यवाद करने पहुंचे थे। उन्होंने जनसभा में कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। कसौली में एटीपी शैल बाला शर्मा की हत्या के मामले में राज्य की खुफिया एजेंसियां भी फेल हुई हैं।

Advertisements

एटीपी की गोलियां मारकर हत्या करने के बाद आरोपी घर में रहा और पुलिस सहित खुफिया एजेंसियों को कानोंकान खबर तक नहीं लगी। पुलिस की नाकेबंदी भी नाकाम रही और आरोपी वृंदावन तक पहुंचने में सफल रहा। सुक्खू ने कहा कि दिल्ली पुलिस के साथ होने पर ही आरोपी हिमाचल पुलिस की गिरफ्त में आ पाया। वरना, हिमाचल पुलिस इस मामले में भी अंधेरे में तीर चलाती रहती। सुक्खू ने कहा कि जयराम सरकार को नींद से जागकर पुलिस-प्रशासन के पेच कसने की जरूरत है, वरना अधिकारियों का काम करना और आम आदमी का घर से निकलना मुश्किल हो जाएगा। चूंकि, आपराधिक तत्व बेखौफ वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।

-कहा, एटीपी की हत्या के बाद आरोपी ने घर पर बिताई रात

सरकार कसौली गोलीकांड में एसपी और डीएसपी को हटाकर अपनी जिम्मेदारी से मुंह नहीं मोड़ सकती। गोलीकांड के लिए जिम्मेदार अन्य लोगों पर भी कड़ी कार्रवाई हो और सरकार पूरे मामले को हैंडल करने में विफल रहने की जिम्मेदारी ले। सुक्खू ने कश्मीर में लोगों से मुलाकात कर उनकी मांगों को पूरा करने का भी आश्वासन दिया। उन्होंने दोपहर बाद सेरा रेस्ट हाउस में भी लोगों की समस्याएं सुनी व उनका समाधान किया।

सुक्खू ने अवैध निर्माण को लेकर पूर्व सीएम व भाजपा सांसद शांता कुमार की टिप्पणी को भी गंभीर बताया है। प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि शांता कुमार बिना तथ्यों के कोई भी टिप्पणी नहीं करते। सरकार को यह जांच करानी चाहिए कि पूर्व सरकारों के समय किन-किन भाजपा नेताओं ने अवैध निर्माण के लिए प्रभावशाली लोगों का साथ दिया है। इस मौके पर उनके साथ ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन पृथ्वी चंद, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष राज धीमान, बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ अध्यक्ष पंजाब सिंह कौशल, अमर सिंह, प्रीतम सिंह, धर्म सिंह,सूबेदार सुभाष, जेएन शर्मा, पूनम कश्मीरी देवी, सुरेश कुमारी,संतोष देवी,केसी धीमान,नानक चंद आदि अनेक गणमान्य लोग मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here