
नई दिल्ली। सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री राज्यवर्धन राठौड़ ने लोकसभा में एक सवाल के जवाब में जानकारी देते हुए बताया कि केंद्र सरकार के पास पतंजलि आयुर्वेद लिमिटेड के 33 विज्ञापनों के खिलाफ शिकायतें मिली हैं। तेज न्यूज़ के हवाले से लिए गए इस समाचार अनुसार राठौड़ ने बताया कि उपभोक्ता मामलों के विभाग ने सूचित किया है कि उपलब्ध सूचना के अनुसार टी.वी., प्रिंट और उत्पाद पैकिंग समेत विभिन्न मीडिया में आने वाले विज्ञापनों को लेकर अप्रैल 2015 से जुलाई 2016 के बीच पतंजलि आयुर्वेद लिमिटेड के 33 विज्ञापनों के खिलाफ शिकायत मिली है। ये शिकायतें भोज्य और पेय पदार्थ, पर्सनल केयर, हेल्थ केयर आदि के विज्ञापनों को लेकर हैं। राठौड़ ने उपभोक्ता मामलों के विभाग द्वारा दी गई सूचना के हवाले से बताया कि शिकायत वाले 21 विज्ञापनों में से 17 विज्ञापन भारतीय विज्ञापन मानक परिषद ‘एएससीआई’ का उल्लंघन के रूप में देखे गए हैं। लेकिन बाकी चार उत्पाद पैकिंग विज्ञापन ‘एएससीआई’ के विज्ञापन स्व:नियमन की संहिता का उल्लंघन नहीं पाए गए हैं। इसी प्रकार आठ शिकायतों में से छह उत्पाद पैकिंग विज्ञापन ‘एएससीआई’ के मानकों के विपरीत पाए गए हैं। उन्होंने बताया कि पतंजलि के खिलाफ शिकायत के चार मामलों में से दो टीवी विज्ञापन ‘एएससीआई’ के स्वॠ:नियमन संहिता के उल्लंघन के रूप में पाए गए हैं।










