Friday, October 9, 2026
Home Hoshiarpur कैबिनेट मंत्री धर्मसोत ने छह वन मंडलों के किसानों को बांटे 1...

कैबिनेट मंत्री धर्मसोत ने छह वन मंडलों के किसानों को बांटे 1 करोड़ 58 लाख सब्सिडी के चैक

होशियारपुर(द स्टैलर न्यूज़),रिपोर्ट: मुक्ता वालिया। कंडी इलाके में लंबे समय से जंगली जानवर किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा रहे थे। किसानों की यह दिक्कत खत्म हो जाएगी और उनकी पैदावार भी बढ़ेगी क्योंकि मुख्य मंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कंडी के किसानों का हाथ थामते हुए इन किसानों की फसलों को जंगली जानवरों से फसल बचाने के लिए लगाई गई कांटेदार तार के लिए सब्सिडी दी है। यह विचार वन एवं वन्य जीव मंत्री पंजाब साधु सिंह धर्मसोत ने वन विश्राम घर बसी जाना में आयोजित समारोह के दौरान रखे। आज राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (आर.के.वी.आई) के अंतर्गत कांटेदार फैंसिंग पर सब्सिडी देने के लिए एक समारोह करवाया गया, जहां छह वन मंडलों के 218 किसानों को 1 करोड़ 57 लाख 57 हजार रुपये की सब्सिडी के चैक दिए गए।

Advertisements

इस मौके पर विधायक उड़मुड़ संगत सिंह गिलजियां. विधायक शाम चौरासी व जिला कांग्रेस अध्यक्ष पवन कुमार आदिया, विधायक चब्बेवाल राज कुमार, प्रधान मुख्य वन पाल जितेंद्र शर्मा, डिप्टी कमिश्नर ईशा कालिया व एस.एस.पी जे. इलेनचेलियन भी विशेष तौर पर उपस्थित थे। कांटेदार तार लगाने संबंधी पायलट प्रोजैक्ट (पायलट प्रोजैक्ट फार फैंसिंग आन फार्म लैंड इन कंडी एरिया आफ पंजाब टू प्रीवैंट क्राप डैमेज बाय वाइल्ड लाइफ एनीमल्ज) की शुरुआत करते हुए वन मंत्री साधु सिंह धर्मसोत ने कहा कि कंडी के क्षेत्र में इस योजना की काफी लंबे समय से जरुरत थी, क्योंकि किसान कांटेदार तार के लिए इतने बड़े स्तर पर प्रबंध नहीं कर पाता था और उसकी फसल जंगली जानवर खराब कर देते थे। उन्होंने कहा कि होशियारपुर सहित 6 मंडलों एस.एस. नगर, रुपनगर, पठानकोट, दसूहा, गढ़शंकर के कंडी क्षेत्र के 1449 गांव इस योजना का लाभ प्राप्त करेंगे। उन्होंने कहा कि इस योजना की शुरुआती समय में 96 गांवों के 218 लाभार्थियों को सब्सिडी की सुविधा दी गई है।

उन्होंने कहा कि इस प्रोजैक्ट पर 8.16 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं, ताकि किसानों का हाथ थामा जा सके। साधु सिंह धर्मसोत ने कहा कि इस योजना के अंतर्गत किसानों को तीन श्रेणियों में बांटा गया। जिसमें 2.5 एकड़ से कम जमीन वाले किसान, 2.5 एकड़ तक के किसान व 5 एकड़ से अधिक के किसान रखे गए हैं और इनमें क्रमवार जिन लाभार्थियों ने एंगल आयरन या कंक्रीट के पिल्लर लगाए हैं, उनको 175 रुपये प्रति मीटर, लकड़ी की बल्लियां लगाने वाले किसानों को 125 रुपये प्रति मीटर, जो कि 50 प्रतिशत सब्सिडी के हिसाब से है, की सब्सिडी की राशी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि छोटे किसान यूजर ग्रुप बना कर इस योजना का लाभ ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि इन सामूहिक ग्रुपों को प्राथमिकता दी जाएगी, वहीं 2000 की सब्सिडी भी बढ़ा कर 60 प्रतिशत कर दी जाएगी। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोगों को वन विभाग की योजनाओं संबंधी वे जागरुक करें। उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग के बिना कोई भी सरकारी योजना कामयाब नहीं हो सकती।

वन, अनुसूचित जाति व पिछड़ा वर्ग भलाई मंत्री साधु सिंह धर्मसोत ने कहा कि पंजाब सरकार किसानों को हर सुविधा देने के लिए वचनबद्ध है और किसानों का स्तर और ऊंचा उठाने के लिए कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। समारोह से पहले कैबिनेट मंत्री ने सैल्फ हैल्प ग्रुपों की ओर से लगाई गई प्रदर्शनियों का भी जायजा लेकर उनका उत्साह बढ़ाया। इस दौरान विधायक संगत सिंह गिलजियां, विधायक पवन कुमार आदिया, विधायक राज कुमार ने कहा कि पंजाब सरकार हमेशा किसानों के हितों के साथ खड़ी है और अपनी जिम्मेदारी समझते हुए किसानों को हर संभव मदद भी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार के इस प्रयास से कंडी के किसानों को काफी लाभ मिलेगा। इस अवसर पर मुख्य वन पाल शिवालिक सर्किल चर्चिल कुमार, वन पाल नार्थ सर्किल होशियारपुर एन.एस. रंधावा, एस.डी.एम. होशियारपुर अमरप्रीत कौर संधू, वन मंडल अधिकारी होशियारपुर नरेश महाजन के अलावा एस.ए.एस. नगर, रुपनगर, होशियारपुर, नवांशहर व पठानकोट के वन मंडलों के वन मंडल अधिकारी भी शामिल हुए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here