
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट: पुष्पिंदर। एक खिलाड़ी किसी की एक परिवार ही नहीं बल्कि राष्ट्र की धरोहर होता है। खेल के माध्यम से अपने क्षेत्र के साथ-साथ राष्ट्र का नाम भी उज्जवल करता है। ऐसे में उभर रहे खिलाडिय़ों की हौंसला अफजाई करना भी समाज की जिम्मेदारी बनती है। उपरोक्त शब्द पंजाब यूथ डिवेलपमैंट बोर्ड के पूर्व चेयरमैन संजीव तलवाड़ ने दमन एंड दीयू में आयोजित नैशनल लेवल बॉक्सिंग मुकाबलों में सिल्वर पदक विजेता प्रभाकर कल्याण को सम्मानित करने के अवसर पर कहे।

तलवाड़ ने कहा कि प्रभाकर कल्याण ने छोटी उमर में ही बॉक्सिंग में अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि परिस्थिति कैसी भी हो, प्रभाकर ने कभी भी उन्हे अपने ऊपर हावी नहीं होने दिया। तलवाड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने सभी उभरते हुए खिलाडिय़ो के लिए बेहतर योजनाएं शुरु की हैं। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के तहत खिलाडिय़ो को सुविधाएं देने के साथ साथ बढिय़ा मूलभूत ढांचा उपलब्ध करवाने को भी प्राथमिकता दी गई है।
इस मौके पर भारतीय जनता महिला मोर्चा पंजाब की प्रदेश सचिव पार्षद नीति तलवाड़ ने कहा कि प्रतिभाशाली खिलाडिय़ो के हौंसले को बनाए रखने के लिए वार्ड न. 4 डिवेलपमेंट सोसायटी हर संभव प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि इन खिलाडिय़ो को कोई आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े, इस बात का भी ध्यान रखा जा रहा है। पार्षद तलवाड़ ने कहा कि लोगों के सहयोग से इन खिलाडिय़ो को अपना मुकाम हासिल करने के लिए हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। इस मौके पर सरपंच रमिंद्र सिंह, नसीब सिंह, सुरिंद्र सिंह बल्ल, राज कुमार राजू, परमजीत कौर, साहिल कल्याण भी उपस्थित थे।












