
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। महिला शक्ति को और सुदृढ़ बनाने तथा उनके अधिकारों की रक्षा के लिए मोदी सरकार द्वारा मुस्लिम समुदाय की महिलाओं को राहत प्रदान करते हुए तीन तलाक पर जो कानून पास किया है वह सराहनीय है। इस फैसले की पूरा देश ही नहीं बल्कि विदेशों में बसे भारतीय भी स्वागत कर रहे हैं। इस फैसले से तथाकथित धर्म के ठेकेदारों के बनाए कानून के हाथों शोषित हो रही महिलाओं को राहत मिलेगी।

यह विचार भारतीय जनता पार्टी होशियारपुर के पूर्वी मंडल अध्यक्ष पार्षद रमेश ठाकुर मेछी ने आज यहां जारी एक प्रैस विज्ञप्ति में तीन तलाक पर बनाए कानून का स्वागत करते हुए व्यक्त किए। रमेश ठाकुर मेछी ने कहा कि समाज फैली कुरीतियों को खत्म करने के पथ पर मोदी सरकार का यह एक सकारात्मक कदम है तथा भविष्य में भी इस प्रकार की बुराईयों को खत्म करने तथा मातृ शक्ति के अधिकारों की रक्षा के लिए सरकार अगर कोई कानून लाती है तो उसका हम सभी को स्वागत करना चाहिए।
इस कानून को कामयाब बनाना जहां मुस्लिम समाज के बुद्धिजीवीयों का काम है वहीं हम सबका भी यह फर्ज बनता है कि हम अपनी बहनों को इंसाफ दिलाने के लिए उनका साथ दें। उन्होंने कहा कि भारत जिस तेजी से आगे बढ़ रहा है उसे और गति देने के लिए भारत के प्रत्येक नागरिक को ईमानदारी से अपना योगदान डालना चाहिए।












