
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। मंडियों में गेहूं की खरीद-उठाई के प्रबंधों का जायजा लेने के लिए विधायक चब्बेवाल डा. राज द्वारा लगातार हलके की मंडियों का दौरा किया जा रहा है। गत दिनों वह थिंद अनाज मंडी पहुंचे तथा उपस्थित किसानों-आढ़तियों के साथ बातचीत कर उनसे जानकारी प्राप्त की कि उन्हें मंडी में किसी प्रकार की समस्या का सामना तो नहीं करना पड़ रहा। इस दौरान सांझी की गई हर छोटी-बड़ी समस्या के लिए डा. राज ने उसी समय मंडी अधिकारियों के साथ बात कर उनको हल करवाया। इस मौके पर मंडी में पहुंचे हलके के किसानों को डा. राज ने खुशखबरी दी कि किसानों की तरफ से की गई मांग उनकी तरफ से पूरी कर दी गई है। अब चब्बेवाल के किसान भाईयों को सिंचाई के ट्यूबवैलों के लिए 4 घंटे की बजाए 6 घंटे के लिए बिजली सप्लाई दी जाएगी।


इस घोषणा पर सारे किसानों की तरफ से खुशी व्यक्त की गई। कल गांव बडला पहुंचने पर स्थानीय किसानों ने डा. राज का जोरदार स्वागत किया तथा अपनी मांग माने जाने पर उनका धन्यवाद किया। इतना ही नहीं डा. राज के इस प्रयास को सराहने के लिए किसानों ने एक अदभुत तरीका अपनाया। उन्होंने मिलकर डा. राज कुमार को 2 पीपीई किटें भेंट की जोकि विधायक द्वारा हलके के कोरोना योद्धाओं को दी जाने वाली किटों में प्रयोग की जाएगी। किसानों ने कहा कि यह उनका डा. राज के प्रति एक छोटा सा धन्यवादी प्रयास है तथा कोरोना जंग में उनका निमाणा योगदान है। इस मौके पर डा.राज ने कहा कि अपने हलके के किसानों के साथ-साथ हर व्यक्ति की समस्या हल करना उनकी जिम्मेदारी है तथा वह इसको निभाने के लिए हमेशा हर बनता कदम उठाने के लिए तैयार रहते हैं। किसानों द्वारा 2 पीपीई किटें (सुरक्षा किटें) दिए जाने पर उन्होंने कहा कि इस मुश्किल घड़ी में यह भी एक बड़ा योगदान है। जैसे कि बूंद-बूंद से सागर भरता है वैसे ही हमारे भाई-बहनों के ऐसे योगदान हमारे लिए बहुत मायने रखते हैं तथा हमें यकीन दिलाते हैं कि हम सभी मिलकर इस महामारी को भी हरा देने की सामथ्र्य हैं।












