
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। जिला भाजपा व्यापार सैल के अध्यक्ष दर्पण गुप्ता ने एक बैठक में कहा कि पंजाब सरकार के रवैये से व्यापारी वर्ग पूरी तरह से दुविधा में है। सरकार एक बार में कोई भी फैसला लेने में पूरी तरह से असमर्थ है तथा बार-बार अपने किए फैसले बदलकर जहां जनता के लिए परेशानियां खड़ी कर रही है वहीं व्यापारी वर्ग भी नुकसान झेलने को विवश है। दर्पण गुप्ता ने कहा कि सरकार का यह फैसला कितना हास्यपद है कि मार्किट शनिवार को 5 बजे तक खुलेगी, मगर लोग घरों से नहीं निकल सकते तथा रविवार को पूरी तरह से लॉक डाउन रहेगा।

ऐसे बाजार खोलने का क्या फायदा कि लोग घरों से बाजार के लिए निकल नहीं सकते, तो दुकानें भी क्यों खोलनी। उन्होंने कहा कि पहले सरकार ने कहा कि दो दिन बंद रहेगा और बाद में देर सायं आदेश आते हैं कि शनिवार को 5 बजे तक दुकानें खोली जा सकेंगी, पर आवाजाही बंद रहेगी। अब सरकार ये बताए कि अघर लोग घरों से निकलेंगे ही नहीं तो क्या वे बाजार में पैराशूट के माध्यम से दुकानों में आएंगे। दर्पण गुप्ता ने कहा कि पहले भी सरकार के आदेशों पर दुकानदारों ने उसे इतना सहयोग किया है तो क्या अब सहयोग नहीं करते। इसके अलावा जब लोगों के घरों से निकलने पर पाबंदी है तो फिर शराब के ठेके सातों दिन खोले रखने का फरमान समझ से परे है।
शराब के ठेके रात 8 बजे तक खुलने की इजाजत देने संबंधी भी सरकार स्पष्ट करे कि क्या वहां कोई स्पैशल दवाई भेजी गई है कि वहां पर 7 बजे या 5 बजे के बाद लोग जाएं तो उन्हें कोरोना नहीं होता। अगर, ऐसी बात है तो सरकार सभी दुकानदारों को वो दवा दे ताकि वे भी अपना कारोबार कर सकें। उन्होंने कहा कि पंजाब की कैप्टन सरकार इस आपदा काल में भी पूरी तरह से नाकाम साबित हो रही है तथा जनता को राहत तो क्या देनी है सरकार फैसला लेने में भी असमर्थ रही है, जिसके चलते लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
उन्होंने सरकार से अपील की कि वो ऐसे फैसले ले जिससे व्यापारी वर्ग के साथ-साथ आम लोगों का भी भला हो और जो भी फैसला लिया जाए वो पूरी तरह से सोच समझकर तथा जनकल्याण को ध्यान में रखकर लिया जाए। इस अवसर पर जिला भाजपा उपाध्यक्ष सुरेश भाटिया बिट्टू, दीपक जैन, संदीप जग्गी, राजिंदर त्रेहन, पंकज गर्ग आदि मौजूद थे।












