
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। होशियारपुर कम्प्यूटर डीलर्स एसोसिएशन की बैठक चेयरमैन प्रेम सैनी की अध्यक्षता में हुई। इस मौके पर उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सर्वसम्मति से एसोसिएशन के प्रधान एवं महासचिव पद का चुनाव किया। जिसके तहत कृपाल कम्प्यूटर्स के सुनील वर्मा को प्रधान तथा अल्टीमेट सलूशन के मालिक अनूप कुमार को महासचिव के पद पर आसीन किया गया। इस मौके पर नवनियुक्त पदाधिकारियों ने एसोसिएशन के कार्यों को आगे बढ़ाने और कम्प्यूटर डीलर्स को पेश आ रही समस्याओं के निवारण हेतु भी प्रयासरत रहने की बात कही। इस दौरान सभी सदस्यों एवं पूर्व प्रधान व महासचिव ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई दी।













