
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। वार्ड नंबर 5 एवं 6 में पड़ते तीन पार्कों का काम पूर्व कैबिनेट मंत्री के कारण अधर में लटका हुआ है। जिसका कारण पार्कों की दशा पहले से काफी खराब हो चुकी है और जनता भी इसके कारण परेशान हो रही है। यह बात पूर्व पार्षद पं. विक्रम मेहता ने आज यहां जारी एक प्रैस विज्ञप्ति में कही। पं. मेहता ने कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में वार्ड 5 में पड़ते एक पार्क के सौंदर्यीकरण एवं विकास के लिए लाखों रुपये की ग्रांट जारी करवाई थी, जिसे बाद में तत्कालीन मंत्री बने कांग्रेस नेता ने रुकवा दिया था।

इसमें दो अन्य पार्क भी शामिल थे। इसके बाद पूर्व मंत्री ने इसका एस्टिमेट पास करवाकर खुद उद्घाटन भी किया। लेकिन काम शुरु नहीं करवाया। क्योंकि, उनके मन में खोट था। जिस कारण पार्कों का काम आजतक शुरु नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि बरसात के दिनों के चलते हालात और भी बदतर हो चुके हैं तथा लोग खासकर बच्चे एवं बुजुर्ग पार्क में जाने से वंचित हो रहे हैं। लोगों में रोष है कि पूर्व मंत्री ने शहर का विकास के नाम पर विनाश किया, जबकि खुद का विकास करके अब पार्टी बदलकर भाजपा के खेमे में जा बैठे हैं। पं. मेहता ने नगर निगम कमिशनर से अपील की कि उनके वार्ड व अन्य वार्डों में पड़ते पार्कों, जिनका काम अलाट हो चुका है उसे जल्द से जल्द शुरु करवाया जाए ताकि लोग पार्कों में जा सकें।












