
जालंधर (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट: अभिषेक कुमार। शहर के बीचों-बीच निकलने वाले जालंधर-नकोदर रेलखंड के उपर स्थित लाडोवाली रोड फाटक को रेल लाइन तब्दील करने के लिए सुबह ९ बजे से बंद कर दिया गया है। वहीं रेलवे फाटक बंद होने से राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दरअसल, बीएसएफ चौक से लाडोवाली होते हुए शहर के भीतर प्रवेश करने वाले वाहन रेलवे क्रासिंग तक पहुंचते रहे। रेलवे फाटक बंद देख उन्हें यूटर्न लेकर वापस बीएसएफ चौक आना पड़ा। फिर वहां से बस स्टैंड फ्लाइओवर से होते हुए बीएमसी चौक पहुंचना पड़ा।

बता दें कि, इससे पहले भी लाडोवाली रोड स्थित रेलवे फाटक को रेल लाइन तब्दील करने के लिए बंद किया गया थाद्यरेलवे क्रासिंग पर उपलब्ध जानकारी के मुताबिक फाटक को शाम 5 बजे तक बंद रखा जाना है। वहीं अगर काम पहले ही निपट गया तो रेलवे फाटक को उससे पहले भी खोला जा सकता है। रेल लाइन तब्दील करने का कार्य करवा रहे अधिकारी ने बताया कि लेबर पूरी तीव्रता के साथ काम कर रहे हैं। शाम 5 बजे से पहले ही काम निपटा लिए जाने की प्रबल संभावना है। फिलहाल काम जारी है।











