प्रदेश सरकार ने कालेज लेक्चरर के सैकड़ों पद भरे: कुलदीप पठानिया

हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रजनीश शर्मा। सिद्धार्थ राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय नादौन में मंगलवार को हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय का तीन दिवसीय अंतर महाविद्यालय यूथ फेस्टिवल ग्रुप-3 आरंभ हो गया। इसमें प्रदेश के 55 महाविद्यालयों के लगभग 1000 विद्यार्थी लोकनृत्य और शास्त्रीय नृत्य की स्पर्धाओं में भाग ले रहे हैं। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने  इस यूथ फेस्टिवल का शुभारंभ किया।

Advertisements

इस अवसर पर आयोजन समिति, कालेज प्रबंधन, सभी प्रतिभागियों और प्रभारी शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि विद्यार्थियों के लिए पढ़ाई-लिखाई के साथ-साथ सांस्कृतिक और अन्य गतिविधियां भी अत्यंत आवश्यक हैं। ये गतिविधियां विद्यार्थियों के व्यक्तित्व को नये आयाम प्रदान करती हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने लगभग 11 महीने के कार्यकाल के दौरान कालेज लेक्चरर के सैकड़ों पद भरे हैं। सरकार ने तीसा और भरमौर जैसे दूरदराज क्षेत्रों के कालेजों सहित प्रदेश के सभी नए एवं पुराने कालेजों में पर्याप्त शिक्षकों की व्यवस्था की है।

कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि सीमित संसाधनों और बेहद कठिन परिस्थितियों के बावजूद प्रदेश सरकार ने हिमाचल के चहुंमुखी विकास के लिए बहुत ही सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि अगर हम हिमाचल की पूर्ववर्ती सरकारों के साथ तुलना करें तो ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली वर्तमान सरकार ने अपनी विशेष कार्यशैली के कारण एक अलग छाप छोड़ी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here