
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। फगवाड़ा में आम आदमी पार्टी की तरफ से पार्टी उम्मीदवार डा. राज कुमार के पक्ष में की गई रैली में उमड़े जनसैलाब के लिए डा. राज ने जहां फगवाड़ा वासियों का धन्यवाद किया वहीं मुख्यमंत्री भगवंत मान का भी विशेष तौर से पहुंचने के लिए आभार व्यक्त किया। डा. राज ने रैली की सफलता के लिए आप कार्यकर्ताओं और फगवाड़ा हलका वासियों को बधाई देते हुए कहा कि वह रैली में पहुंचे हरेक व्यक्ति के धन्यवादी रहेंगे। उन्होंने जानकारी दी कि रैली दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री से फगवाड़ा को जिला बनाने की मांग रखी। फगवाड़ा निवासी बहुत लंबे समय से फगवाड़ा को जिला बनाने की मांग कर रहे हैं और उन्हें यह यकीन है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए इस पर जरुर विचार करेंगे। डा. राज ने कहा कि इस मांग को अमली जामा पहुंचाने के लिए चुनाव उपरांत पहल के आधार पर काम किया जाएगा।

डा. राज ने कहा कि आम आदमी पार्टी तथा मुख्यमंत्री भगवंत मान पूरी ईमानदारी से पंजाब एवं पंजाबियों की सेवा में तत्पर है और हर क्षेत्र एवं वर्ग के विकास और कल्याण के लिए कारगर योजनाओं पर काम किया जा रहा है। फगवाड़ा वासियों की इसे जिला बनाने से लेकर और मांगों पर भी गंभीरता से कार्य किया जाएगा ताकि फगवाड़ा को देश में ही नहीं बल्कि विश्व स्तर पर विख्यात किया जा सके। डा. राज ने कहा कि लोक सभा हलका होशियारपुर के तहत पड़ते फगवाड़ा क्षेत्र के विकास के लिए जहां मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने जनता को विश्वास दिलाया है कि उनकी मांगों को पूरा किया जाएगा वहीं वह भी आश्वस्त करते हैं कि केन्द्र में फगवाड़ा के विकास एवं विस्तार के लिए कारगर योजनाएं मंजूर करवाकर लाई जाएंगी ताकि फगवाड़ा एवं फगवाड़ा वासियों के सपने साकार हो सकें।











