
बिहार (द स्टैलर न्यूज़)। छपरा में मतदान खत्म होने के बाद चुनावी रंजिश में गोलीबारी होने की सूचना प्राप्त हुई हैं। सारण लोकसभा सीट पर हुए 5वें चरण के मतदान के बाद मंगलवार को दो गुटों में हिंसक झड़प हुई। इस झड़प में एक व्यक्ति की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। बताया जा रहा है कि सोमवार को सारण के कुछ मतदान केंद्रों पर हंगामा हुआ था और मारपीट की घटना हुई थी।

घटना के बाद इलाके में 48 घंटे के लिए इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं। पुलिस ने भाजपा के कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार भी किया हैं। गौरतलब हैं कि आरजेडी की उम्मीदवार रोहिणी आचार्य के एक मतदान केंद्र के पास पहुंचने के बाद भाजपा के कार्यकर्ता भड़क गए। जिसके बाद पुलिस ने मामला निपटा दिया था। लेकिन मंगलवार को फिर झड़प हो गई। फिलहाल मामले की जांच जारी हैं।












