
महाराष्ट्र (द स्टैलर न्यूज़)। महाराष्ट्र के नागपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसा होने का समाचार प्राप्त हुआ है। एक तेज रफ्तार निजी बस और ऑटो-रिक्शा की टक्कर में सेना के दो जवानों की मौत हो गई और छह जवानों सहित सात अन्य घायल हो गए। यह हादसा तब हुआ जब कैम्पटी में गार्ड्स रेजिमेंट सेंटर के आठ जवान ऑटो-रिक्शा में यात्रा कर रहे थे।

अधिकारियों ने बताया कि जब वह शाम करीब 5:30 बजे कन्हान नदी पुल के पास पहुंचे तो एक बस ऑटो-रिक्शा से टकरा गई। घायलों में कुछ युवकों की हालत गंभीर बताई जा रही है। दो ऑटो रिक्शा में पंद्रह जवान कन्हान में खरीदारी करने जा रहे थे। वापस लौटते समय, पावल ट्रैवल्स की एक बस उनके एक वाहन से टकरा गई। अधिकारियों ने बताया कि दूसरे ऑटो रिक्शा में सवार जवानों और स्थानीय लोगों ने जवानों को बाहर निकाला। दुर्घटना में ऑटो-रिक्शा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।











