
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। होशियारपुर जोधामल्ल रोड पर दो नकाबपोश मोटरसाइकिल सवार लुटेरे एक्टिवा सवार युवती की गले की चेन छीनकर फरार हो गए। जानकारी के अनुसार 27 जुलाई दिन शनिवार को रात करीब 8.30 व 9 बजे के बीच सुरभी महेंद्रु पुत्री अनिल किशोर महेंद्रु निवासी गौतम नगर होशियारपुर जोकि अपनी एक्टिवा से अपने घर जा रही थी। जब वह जोधा मल्ल रोड सेठ नवदीप अग्रवाल की कोठी के नजदीक पहुंची तो दो अज्ञात युवक जिन्होंने मुंह ढंके हुए थे वह उसके गले से सोने की एक तोले की चेन झपटकर फरार हो गए। लडक़ी द्वारा रात का समय होने की वजह से शोर मचाने पर कोई भी आस-पास के घरों से बाहर नहीं आया।

जिस पर लडक़ी ने तुरंत इस घटना की जानकारी अपने पिता को दी। जिसके बाद लडक़ी के पिता अनिल किशोर ने थाना सिटी पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज करवाई। लडक़ी के साथ हुई लूट की घटना की जानकारी अनिल किशोर ने अपने दोस्त भाजपा महामंत्री व पूर्व पार्षद सुरेश भाटिया को दी। जिन्होंने मौके पर पुलिस प्रशासन से अपील की कि दिन प्रतिदिन बढ़ रही लूटपाट की घटनाओं पर नकेल कसी जाए और लुटेरों को जल्द से जल्द काबू किया जाए। सुरेश भाटिया ने कहा कि जब से पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार आई है तब से चोरी, लूटपाट, नशा व भ्रष्टाचार में और ज्यादा बढ़ोतरी हुई है और आम नागरिक रात की बात तो दूर दिन के समय भी सुरक्षित नहीं है। उन्होंने कहा कि बड़े-बड़े वायदे करनी वाली आप सरकार पूरी तरह फेल साबित हुई है।












