
नवांशहर (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट-ध्रुव नारंग। गत दिवस ओम प्रकाश अरोड़ा जी का संक्षिप्त बीमारी के पहचान स्वर्गवास हो गये थे। उसके कुछ ही समय पश्चात दिवंगत आत्मा की इच्छापूर्ण करने के लिए उनके भाइयों गुरचरण अरोड़ा, विनोद अरोड़ा, प्रमोद अरोड़ा एवं बेटे शोभित अरोड़ा ने पारिवारिक सहमति से उनके मरणोपरांत नेत्रदान करवाने का निर्णय लिया ताकि उनके नेत्रों से दो अंधेरा जीवन जी रहे लोगों के जीवन में रोशनी आ सके। नेत्रदान संस्था के प्रधान डॉक्टर जेडी वर्मा एवं जनरल सेक्रेटरी रतन कुमार जैन की अगवाई में मृतक के घर जाकर उनके नेत्र प्राप्त किये।

इन नेत्रों को डॉक्टर रमेश पुनरजोत आई बैंक लुधियाना जी के पास भेज दिया गया। जहां यह नेत्र दो जरूरतमंद व्यक्तियों को लगा दिए जाएंगे। यहां यह गौर तलब है कि ओम प्रकाश अरोड़ा जी इस क्षेत्र के जाने-माने उद्योगपति हैं और इस क्षेत्र की सभी धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं को अपना भरपूर सहयोग देते रहे हैं। नेत्रदान संस्था एवं दोआबा सेवा समिति को भी हमेशा उनका आशीर्वाद प्राप्त रहा है। इस मौके पर, नेत्रदान संस्था नवांशहर के कोषाध्यक्ष हुसन लाल, अशोक शर्मा, कमल कुमार अनेजा एवं नेत्रदानी के पारिवारिक सदस्य भी उपस्थित थे।











