Monday, October 19, 2026
Home Himachal टौणी देवी सिविल अस्पताल में 15 दिन से नहीं हो रहे एक्सरे,...

टौणी देवी सिविल अस्पताल में 15 दिन से नहीं हो रहे एक्सरे, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव, लोग परेशान 

हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रजनीश शर्मा। बेशक सिविल अस्पताल टौणी देवी में रोगियों व तीमारदारों को और बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के दावे कई बार किए जा चुके हों लेकिन पिछले 15 दिन से सिविल अस्पताल में एक्सरे नहीं हो रहे हैं। इसके लिए मरीजों को अस्पताल से बाहर महंगे दामों पर एक्सरे करवाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। सिविल अस्पताल टौणी देवी की रोगी कल्याण समिति की बैठक में भी कई बार सिविल अस्पताल के दर्जे के अनुसार डॉक्टर व अन्य सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए सरकार से आग्रह किया गया लेकिन पैरामेडिकल स्टाफ और डॉक्टरों की कमी यहां हमेशा बनी रही। 

Advertisements

अस्पताल में पीएचसी के दर्जे के अनुसार ही डॉक्टर व अन्य पैरामेडिकल स्टाफ काम कर रहा है। मिली जानकारी के मुताबिक अस्पताल में दो डॉक्टर्स के पद लंबे समय से खाली चले हुए हैं इनमें एक ओटी डॉक्टर और एक मेडिकल ऑफिसर है। वहीं चतुर्थ श्रेणी के तीन पदों में से दो पद खाली चले हुए है। एक्सरे रूम भी शो पीस बना हुआ है क्योंकि वहां एक्सरे करने वाला कर्मचारी ही उपलब्ध नहीं है। ऐसे में दूरदराज से आने वाले मरीजों को बड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।  पूर्व पंचायत प्रधान देश राज चौहान, जगदीश चौहान , सतपाल शर्मा, बबीता चौहान और सतपाल शर्मा ने सिविल अस्पताल टौणी देवी में डॉक्टरों के खाली पदों और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की शीघ्र नियुक्ति की मांग की है ताकि लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सके। इस बारे में बीएमओ टौणी देवी डॉक्टर अवनीत ने बताया कि खाली पदों को भरने के लिए उच्च अधिकारियों को लिखित रूप में जानकारी प्रदान कर दी गई है। जल्दी ही खाली पद भर दिए जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here