
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। माननीय कमिश्नर फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन पंजाब अभिनव त्रिखा और सिविल सर्जन होशियारपुर डॉ. पवन कुमार शगोत्रा के दिशा-निर्देशों के अनुसार जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जतिंदर कुमार भाटिया के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी विवेक कुमार और उनकी टीम ने कार्रवाई करते कल शहर के कई इलाकों में देशी घी, मक्खन और वनस्पति घी बनाने वाली दुकानों, गोदामों/फैक्ट्रियों की जांच की गई।

इस बारे में जानकारी साझा करते हुए जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जतिंदर भाटिया ने बताया कि मिली गुप्त सूचना के आधार पर खानपुरी गेट, गौशाला बाजार और गुड़ मंडी की किराना दुकानों पर चैकिंग की गई। चैकिंग के दौरान जिन दुकानों एवं गोदामों से एक्सपायर्ड देशी घी एवं मक्खन प्राप्त हुआ, उसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया तथा नमूने भी लिये गये। इस चैकिंग के दौरान कुल 7 देसी घी और मक्खन के सैंपल भरे गए और सैंपलों को जांच के लिए फूड लैब खरड़ भेज दिया गया है, सैंपलों की रिपोर्ट आने के बाद फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड एक्ट 2006 के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि त्योहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए इस तरह की जांच लगातार जारी रहेगी। किसी भी प्रकार की मिलावट या एक्सपायर्ड सामान की बिक्री बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसा करने वालों के खिलाफ फूड सेफ्टी स्टैंडर्ड एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।












