Thursday, October 29, 2026
Home Hoshiarpur शहीद-ए-आज़म भगत सिंह के जन्मदिवस पर नमन

शहीद-ए-आज़म भगत सिंह के जन्मदिवस पर नमन

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। नगर निगम होशियारपुर के मेयर सुरिंदर कुमार ने आज शहीद-ए-आज़म सरदार भगत सिंह जी के 117वें जन्मदिवस पर शहीद भगत सिंह चौक पर आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में शिरकत की। इस कार्यक्रम में डिप्टी मेयर रणजीता चौधरी, राजेश्वर दयाल बब्बी, पार्षद प्रदीप कुमार बिट्टू, सुदर्शन धीर, कॉमरेड गंगा प्रसाद सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी ने भगत सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया। मेयर सुरिंदर कुमार ने इस अवसर पर कहा कि भगत सिंह की कुर्बानी ने देश की आज़ादी में महत्वपूर्ण योगदान दिया है और आज का दिन हमें उनके द्वारा दिए गए बलिदान को स्मरण करने का अवसर देता है। उन्होंने कहा कि भगत सिंह की सोच और उनके आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं और युवाओं को उनसे प्रेरणा लेकर देश की तरक्की के लिए काम करना चाहिए। खासकर नशामुक्ति और सामाजिक सुधारों के क्षेत्र में युवाओं को आगे आना चाहिए।

Advertisements

समारोह में बोलते हुए सुरिंदर कुमार ने युवाओं से आग्रह किया कि वे देश की प्रगति में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा और स्वच्छता के लिए पेड़ लगाने से बेहतर श्रद्धांजलि कोई नहीं हो सकती। साथ ही पानी के संरक्षण और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए भी उन्होंने जागरूकता फैलाने की आवश्यकता पर बल दिया। इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने भी अपने विचार साझा किए और कहा कि भगत सिंह जैसे शहीदों की कुर्बानी का मान रखना हर नागरिक का कर्तव्य है। इस आज़ादी को बनाए रखना और देश को विश्व के मानचित्र पर एक उच्च स्थान दिलाना हमारी जिम्मेदारी है। कार्यक्रम का समापन मेयर सुरिंदर कुमार के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें उन्होंने सभी उपस्थित लोगों से देशभक्ति की भावना को सशक्त रखने का आह्वान किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here