
हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रजनीश शर्मा। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टौणी देवी में चल रहे राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के विशेष शिविर के चौथे दिन, सामुदायिक स्वास्थ्य शिक्षक कमल मनकोटिया ने छात्रों को व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व पर जागरूक किया। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत स्वच्छता केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानसिक स्वास्थ्य और समाज में सकारात्मक छवि के निर्माण में भी अहम भूमिका निभाती है। उन्होंने छात्रों को दांतों की सफाई, हाथ धोने के सही तरीकों, साफ कपड़े पहनने और नाखून काटने जैसी आदतें अपनाने की सलाह दी। वही कार्यक्रम अधिकारी विजय कुमार एवं रीता बाली ने बताया कि प्रातःकालीन सत्र में प्रभात फेरी और योगा सत्र का आयोजन प्रतिदिन किया जा रहा है, जिसमें छात्र-छात्राएं उत्साह से भाग ले रहे हैं।

प्रभात फेरी के दौरान स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत के नारे गूंजते रहे और स्थानीय लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। योग सत्र ने छात्रों को तनावमुक्त रहने के साथ शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने की प्रेरणा दी। प्रधानाचार्य रजनीश रांगड़ा ने आज शिविर में संचालित किए जा रहे विभिन्न प्रोजेक्ट्स का निरीक्षण किया और पूरे शिविर दल की सराहना की। उन्होंने कहा, इन परियोजनाओं के सफल क्रियान्वयन से न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे क्षेत्र का विकास संभव है। यह हमारे छात्रों की जिम्मेदारी है कि वे जिम्मेदार एवं सुयोग्य नागरिक बनें और अपने माता-पिता, गुरुजनों और क्षेत्र का नाम रोशन करें। प्रधानाचार्य ने स्वयंसेवकों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि शिविर केवल एक औपचारिक गतिविधि नहीं है, बल्कि यह छात्रों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का एक प्रयास है।
उन्होंने सभी टीमों को प्रोत्साहित किया कि वे समर्पण और सहयोग की भावना से इन प्रोजेक्ट्स को मूर्त रूप दें। बताते चलें इस शिविर के विभिन्न प्रोजेक्ट्स में स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, जल संरक्षण और प्लास्टिक-मुक्त क्षेत्र बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। इन गतिविधियों के माध्यम से छात्रों को समाज की बेहतरी के लिए सामूहिक प्रयासों का महत्व समझाया जा रहा है। प्रधानाचार्य ने शिविर के समन्वयक और सभी स्वयंसेवकों की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनका यह प्रयास समाज के लिए एक प्रेरणा बनकर उभरेगा। अंत में, प्रधानाचार्य ने शिविर में भाग लेने वाले छात्रों को भविष्य में इसी प्रकार अनुशासन और समर्पण के साथ अपने कार्यों को करने की प्रेरणा दी।
उन्होंने कहा, हमारे छोटे-छोटे प्रयास न केवल हमारे व्यक्तित्व को निखारते हैं, बल्कि समाज और देश के निर्माण में भी योगदान देते हैं। शिविर में अब तक छात्रों ने प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और व्यक्तिगत स्वच्छता से जुड़े कई कार्यक्रमों का आयोजन किया है, जिन्हें स्थानीय लोगों ने भी सराहा। आगामी दिनों में सामुदायिक जागरूकता कार्यक्रम और विभिन्न प्रतियोगिताओं के आयोजन की भी योजना है। इस विशेष शिविर का उद्देश्य छात्रों में नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना और जिम्मेदार नागरिकता के गुण विकसित करना है, ताकि वे समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला सकें और भविष्य के आदर्श नागरिक बन सकें।












