
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। शिक्षा विभाग के आदेश अनुसार तथा जिला शिक्षा अधिकारी सेकेंडरी मैडम ललिता अरोड़ा के नेतृत्व में आज होशियारपुर के सभी प्राइवेट, सहायता प्राप्त तथा केंद्र स्कूलों के प्रिंसिपलो और इंचार्जों की कंपीटेंसी एनहांसमेंट प्लान के तहत एकदिवसीय वर्कशॉप का आयोजन किया गया। ट्रेनिंग के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी मैडम ललिता अरोड़ा ने सभी स्कूल प्रमुखों को परख सर्वेक्षण संबंधी प्रैक्टिकल शीटों पर विद्यार्थियों को तैयारी करवाने से संबंधित जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इसी के अनुसार हमें प्रैक्टिस टेस्ट भी लेने चाहिए। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार इस सर्वेक्षण को पूरी गंभीरता के साथ ले रही है तथा आज पंजाब शिक्षा के क्षेत्र में बुलंदियों को छू रहा है।

सरकारी स्कूलों के साथ-साथ प्राइवेट स्कूल भी शिक्षा के प्रसार में अहम भूमिका निभा रहे हैं। इसलिए हम सबको मिलकर प्रयास करना होगा कि कोई भी बच्चा शिक्षा प्राप्ति से वंचित न रहे। स्कूल में आने वाले प्रत्येक बच्चे को प्रत्येक विषय का पूर्ण ज्ञान होना चाहिए। ट्रेनिंग में सभी प्राइमरी, अपर प्राइमरी ब्लॉक रिसोर्स कोऑर्डिनेटरो द्वारा अलग-अलग विषय से संबंधित पी.पी.टीज के माध्यम से चर्चा को आगे बढ़ाया गया। ट्रेनिंग में उप जिला शिक्षा अधिकारी एलीमेंट्री सुखविंदर सिंह, जिला शिक्षा व सिखलाई संस्था की प्रिंसिपल अनुपम शर्मा, जिला रिसोर्स कोऑर्डिनेटर अपर प्राइमरी अंकुर शर्मा, जिला रिसोर्स कोऑर्डिनेटर प्राइमरी हरमिंदर सिंह, ब्लॉक रिसोर्स कोऑर्डिनेटर सरजू सूरी भी उपस्थित थे।












