
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। जिला टीकाकरण अधिकारी डा. सीमा गर्ग द्वारा सी.एच.सी.हरियाणा, आंगनबाडी केन्द्र कपाहट् एवं आंगनबाडी केन्द्र पटियारी में सहयोगात्मक सुपरविजन की गई। उनके साथ वीसीसीएम उपकार सिंह भी मौजूद थे। इन केन्द्रों पर ममता दिवस के अवसर पर उन्होंने उपस्थित गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के टीकाकरण कार्ड को देखा तथा टीकाकरण की समीक्षा की।उन्होंने वहां मौजूद नवजात शिशुओं की माताओं से बातचीत की और स्तनपान कराने वाली माताओं को मां के दूध के महत्व के बारे में बताया। टीकाकरण के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि ये टीके बच्चों को 11 जानलेवा बीमारियों से बचाते हैं। इसलिए अपने बच्चे का पूरा टीकाकरण समय पर अवश्य कराएं और इसे बीच में न छोड़ें। उन्होंने कहा कि लगाए गए टीकों को एएनएम द्वारा साथ-साथ यू-विन ऐप पर भी अपलोड किया जा रहा है ताकि भविष्य में कोई परेशानी न हो और समय की बचत हो सके।

उन्होंने कहा कि यू-विन ऐप पर अपलोड करने का सबसे बड़ा फायदा यह है कि बच्चे को देश में कहीं भी टीका लगाया जा सकता है। डा. सीमा गर्ग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को टीका लगवाने आते समय अपने पंजीकृत नंबर वाला मोबाइल हैंडसेट के साथ अपना एमसीपी कार्ड भी लेकर आएं क्योंकि पंजीकरण के दौरान यू-विन ऐप पर एक ओ टी पी आता है जो टीके को यू विन एप पर अपलोड करने के लिए आवश्यक है। डा. सीमा गर्ग ने बताया कि बच्चों को जन्म के समय, डेढ़ महीने, ढाई महीने, साढ़े तीन महीने, नौ महीने, 18 महीने और पांच साल के बाद टिटनेस और डिप्थीरिया का टीका 10 और 16 साल में टीडी का टीका दिया जाता है जिसके बारे में कई माता-पिता को जानकारी नहीं होती है। उन्होंने कहा कि आने वाले शनिवार को महीने का दूसरा शनिवार है और स्कूलों में छुट्टी रहेगी, इसलिए अभिभावकों से अनुरोध है कि वे अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर अपने 10 और 16 साल के बच्चों का टीकाकरण करवाएं।












