
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। सरकारी स्कूलों के बच्चों की दृष्टि संबंधी समस्याओं की पहचान और उनके उपचार के उद्देश्य से रोटरी क्लब होशियारपुर मिड टाउन ने एक विशेष पहल शुरू की है। क्लब की ओर से “रिसाइट विजन प्रोजेक्ट” के तहत जिले के स्कूलों में विद्यार्थियों की आंखों की जांच की जाएगी, ताकि बच्चों की दृष्टि संबंधी समस्याओं का समय पर पता लगाकर उन्हें आवश्यक चिकित्सा सहायता प्रदान की जा सके। इस प्रोजेक्ट का उद्घाटन आज डिप्टी कमिश्नर कोमल मित्तल ने अपने कार्यालय से किया। इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि यह प्रोजेक्ट सरकारी स्कूलों के बच्चों की दृष्टि जांच में सहायक सिद्ध होगा और बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने रोटरी क्लब के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि जिला प्रशासन भी इस पहल में पूरी सहायता देगा, जिससे इस प्रोजेक्ट का लाभ अधिक से अधिक बच्चों तक पहुंच सके। रोटरी क्लब के अध्यक्ष अवतार सिंह ने इस मौके पर क्लब के सामाजिक कार्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि “रिसाइट विजन प्रोजेक्ट” के अंतर्गत जिन बच्चों को चश्मों या इलाज की आवश्यकता होगी, उन्हें नि:शुल्क सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी।

उन्होंने क्लब के एक अन्य महत्वपूर्ण कार्यक्रम “कॉर्निया ट्रांसप्लांट प्रोजेक्ट” के बारे में भी जानकारी दी, जिसके माध्यम से दृष्टि दोष से पीड़ित लोगों की दृष्टि सुधारने में मदद मिल रही है। इस प्रोजेक्ट के तहत क्लब ने कई व्यक्तियों का कॉर्निया ट्रांसप्लांट कर उन्हें नई दृष्टि प्रदान की है। रोटरी क्लब के “रिसाइट विजन प्रोजेक्ट” का मुख्य उद्देश्य बच्चों की शिक्षा में किसी भी प्रकार की दृष्टि संबंधी बाधाओं को दूर करना है। क्लब के पदाधिकारियों ने बताया कि इस प्रोजेक्ट से बच्चों की आंखों की समस्याओं को समय पर पहचान कर उन्हें सही चिकित्सा मार्गदर्शन मिलेगा, जिससे बच्चों को पढ़ाई में सुविधा मिलेगी। इस पहल का विशेष लाभ उन बच्चों को होगा जो दृष्टि संबंधी समस्याओं के कारण पढ़ाई में पीछे रह जाते हैं। इस अवसर पर रोटरी क्लब के सचिव रोटेरियन इंद्रपाल सिंह सचदेवा, प्रोजेक्ट चेयरमैन रिसाइट विजन मनोज ओहरी, रजनीश कुमार गुलियानी, परवीन पलियाल, जगमीत सिंह सेठी, अमरजीत अनेजा, बिंदर सिंह के अलावा जिले के अन्य गणमान्य भी उपस्थित थे।












