
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। आउटसोर्स यूनियन नगर निगम ने स्थानीय निकाय मंत्री डा. रवजोत सिंह से भेंट की और उन्हें कर्मचारियों की मांगों से अवगत करवाते हुए कर्मियों की आवाज सुनने की अपील की। इस संबंधी जानकारी देते हुए यूनियन के प्रधान कमल भट्टी व सफाई मजदूर फैडरेशन के प्रधान राजा हंस ने बताया कि नगर निगम में कार्यरत समूह आउटसोर्स व इनसोर्स (दफ्तरी और फील्ड) करमचारियों का वेतन कार्यालय जल सप्लाई तथा सैनीटेशन विभाग बठिंडा और होशियारपुर अनुसार एकसमान और तर्कसंगत प्रति माह फिक्स करके कर्मियों के साथ न्याय किया जाए। नगर निगम में आयोजित कार्यक्रम दौरान यूनियन नेताओं ने डा. रवजोत का सम्मान करते हुए उन्हें बताया कि नगर निगम में आउटसोर्स व इनसोर्स के आधार पर कार्यरत कर्मचारी कार्यालय के भीतर और फील्ड में पूरी मेहनत से काम कर रहे हैं। इनमें दफ्तरी, डाटा एंट्री आप्रेटर, ड्राइवर, सेवादार एवं फील्ड में वाटर सप्लाई मैनटिनैंस हैल्पर, ट्यूबवैल आप्रेटर, इलैक्ट्रीशन, बेलदार, माली तथा स्ट्रीट लाइट कर्मचारी शामिल हैं और यह सभी पिछले 10-15 साल से पूरी ईमानदारी एवं मेहनत से कार्य कर रहे हैं।

इन कर्मियों को लेबर विभाग द्वारा जारी न्यूनतम मेहनताना दिया जा रहा है, जोकि आज के महंगाई के दौर के हिसाब से बहुत कम है। निगरान इंजीनियर जल सप्लाई एवं सेनीटेशन विभाग बठिंडा द्वारा जारी पत्र नंबर 176, 20 अप्रैल 2022 के माध्य़म से फैसला किया गया था कि कार्यालय में काम कर रहे समूह आउटसोर्स एवं इनसोर्स स्टाफ को तर्कसंगत तथा एकसमान वेतन दिया जाए। जो इस प्रकार है। उन्होंने मांग की कि पत्र के अनुसार 0 से 5 साल के अनुभवी को 19,900 प्रतिमाह, 5 से 10 साल वाले को 22,500 तथा 10 से 15 साल के अनुभवी कर्मचारी को 24,500 रुपये प्रतिमाह दिए जाएं। यूनियन द्वारा मांगों से अवगत करवाए जाने उपरांत डा. रवजोत ने उन्हें इस तरफ ध्यान दिए जाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सरकार कर्मचारियों की मांगों को लेकर गंभीर है और वह इनके हल के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।
इस मौके पर विधायक ब्रमशंकर जिम्पा, सांसद डा. राज कुमार, विधायक करमवीर सिंह घुम्मण, चेयरमैन संदीप सैनी, चेयरमैन कमलजीत कौर, विधायक डा. इशांक, जिलाधीश कोमल मित्तल, मेयर सुरिंदर कुमार, कमिशनर डा. अमनदीप, कमिशनर अनुपम कलेर, एडीसी राहुल चाबा, संयुक्त कमिशनर संदीप तिवाड़ी के अलावा यूनियन की तरफ से महासचिव निशांत कैंथ, कोषाध्यक्ष इंद्रपाल सिंह, चेयरमैन राकेश सिद्धू, उपचेयरमैन सुरिंदरपाल, अनिल गिल, यतीश अग्रवाल, गगनदीप, करनवीर सिंह, सुरिंदर कुमार तथा सुमित शर्मा के अलावा अन्य सदस्य मौजूद थे।












